ज्ञानेश कुमार पर चुनाव तंत्र तबाह करने का आरोप, राहुल बोले, मोदी-शाह मास्टरमाइंड
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला बोला।
देश की राजनीति में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और आयोग के दो अन्य आयुक्तों के बीच मतभेद खुलकर सामने आने के बाद बवाल मच गया है। दो चुनाव आयुक्तों, सुखबीर संधू और विवेक जोशी, ने पिछले 10 महीनों में एसआईआर और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े 14 लिखित आक्षेप दाखल किए थे। इन आक्षेपों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने के साथ-साथ कार्यप्रणाली में हुए बदलावों पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। लेकिन ज्ञानेश कुमार ने इन दोनों आयुक्तों के आक्षेपों को दरकिनार कर अपने फैसले लिए। इसी विवाद के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि सत्ता विरोधी लहर के बावजूद बीजेपी हर चुनाव कैसे जीत जाती है। उन्होंने कहा कि संविधान पर लगातार हमले हो रहे हैं और लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों में वोटिंग में हेराफेरी हुई है। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश के चुनावों पर इसका असर पड़ा है। उन्होंने पूछा कि सत्ता विरोधी लहर का बीजेपी पर असर क्यों नहीं होता और पार्टी लगातार चुनाव कैसे जीतती रहती है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार का चयन प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने किया था और ज्ञानेश कुमार ने हर चुनाव में फेरबदल किया है। उनके अनुसार, सत्ता विरोधी लहर भारतीय राजनीति की सच्चाई है और वोट चोरी हर भारतीय के अधिकारों का उल्लंघन है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि बीजेपी की जीत की पोल खुल चुकी है और वोट चोरी के सबूत सामने आ रहे हैं। उनके मुताबिक दो चुनाव आयुक्तों ने खुद ज्ञानेश कुमार की पोल खोली है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि 2024 में भी वोट चोरी हुई थी और चुनाव व्यवस्था तबाह करने के लिए ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने चुनाव तंत्र को उजाड़ दिया है और यह संविधान पर हमला है।
राहुल गांधी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि इस साजिश के पीछे नरेंद्र मोदी और अमित शाह मास्टरमाइंड हैं, इसमें उन्हें कोई शक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस पूरे षड्यंत्र के पीछे प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ही हैं। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने लोकतंत्र पर हमला कर उसे तबाह करने की कोशिश की है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।