रेत तस्कर ने की हसनबाग में हवाई फायरिंग
व्यवसायिक रंजिश में वरदात का संदेह, यवतमाल के वणी से गिरफ्तार, 20 दिन में जोन चार की दूसरी वारदात, पुलिस की भूमिका पर सवाल
नागपुर.
रेत तस्करी में लिप्त कुख्यात अपराधी रोशन उर्फ गोट्या मोहिते ने गुरुवार की रात नंदनवन थाने के तहत हसन बाग में हवाई फायरिंग करके दहशत मचा दी. वारदात के 16 घंटे बाद रोशन को यवतमाल के वणी से गिरफ्तार किया गया. रोशन द्वारा रेत तस्करी में चल रही रंजिश के चलते फायरिंग किए जाने की चर्चा है. इस घटना से शहर पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है.
दसरा मार्ग, महाल निवासी रोशन मोहिते के खिलाफ हत्या सहित आठ मामले दर्ज है. उसने बीड़ीपेठ में साथियों की मदद से प्रतिद्वंदी अपराधी की हत्या की थी. इस प्रकरब में उसने काफी साल जेल में बिताए. डेढ़ साल पहले ही वह जमानत पर रिहा हुआ था. इसके बाद से वह रेत तस्करी में लिप्त था. वह भंडारा से रेत की तस्करी करता था. भंडारा पुलिस का आश्रय हासिल होने से उसके खिलाफ कार्रवाई भी नहीं होती थी. रोशन ने रेत तस्करी में काफी संपत्ति बना ली थी. उसने जुलाई माह में ही कार क्रमांक एम.एच./49/डी.ए./3399 खरीदी थी. बताया जाता है कि रोशन की रेत तस्करी में रंजिश चल रही थी. इस वजह से वह प्रतिद्वंदियों को सबक सिखाना चाहता था. रोशन बुधवार की रात अपने तीन-चार साथियों के साथ बेसा के स्वर्ग बार गया था. वहां पार्टी करने के बाद सभी कार से रवाना हुए. वह रात 1.30 बजे हसनबाग पहुंचे. हसनबाग चौक स्थित डीएल मोटर्स के पास अपनी कार को रोका. परिसर की टोह लेने के बाद कार को रिवर्स लिया. इसके बाद हवाई फायर किया. उसी वक्त मार्ग से गुजर रहे बाईक सवार आबिद को कार दिखाई दी. उन्हें कार से हवाई फायर किए जाने का पता चला. फायरिंग करने के बाद रोशन और उसके साथी फरार हो गए.
फायरिंग का पता चलने पर नंदनवन पुलिस तथा क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची. सीसीटीवी फुटेज से कार रोशन की होने का पता चल गया. पुलिस पीछे लगने की भनक लगते ही रोशन शहर से बाहर निकल गया. रोशन और उसके साथियों ने मोबाइल भी बंद कर दिए. जांच के दौरान पुलिस को रोशन के यवतमाल के वणी में होने का पता चला. क्राइम ब्रांच के यूनीट चार ने वणी में दबिस देकर रोशन को हिरासत में ले लिया. सूत्रों के अनुसार रोशन की कार से बाहर निकले तीन हाथों में पिस्तौल लहरा रही थी. इससे मामला बेहद गंभीर हो गया है. अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने की 20 दिनों में यह दूसरी वारदात है. 11 सितंबर की रात बेलतरोडी थाना परिसर के गोटालपांढरी में कार्तिक उर्फ शुभम धार्मिक शैलेष गुल्हाने पर फायरिंग की गई थी. दो गोलियां लगने के बाद भी वह बच गया था. इस प्रकरण में बेलतरोडी पुलिस ने 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस वातदात का सूत्रधार निलेश आगलावे बताया जा रहा है. कार्तिक ने तबीयत में सुधार होने के बाद इसकी जानकारी भी दी थी. लेकिन बेलतरोडी पुलिस ने पूछताछ के बाद आगलावे को छोड़ दिया. आगलावे दक्षिण नागपुर की अपराधी टोली से जूड़ा है. उसके इसारे पर ही आगलावे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किए जाने का पता चला है.
बॉक्स :
पुलिस कर्मी से बात करके हुए फरार
सूत्रों के अनुसार हसनबाग में हवाई फायरिंग करने के बाद रोशन और उसके साथियों ने एक पुलिस कर्मी से संपर्क किया था. उसके बात करने के बाद ही वह शहर से फरार हो गया. इस कर्मचारी के माध्यम से ही रोशन के समर्पण किए जाने का पता चला है. रोशन से पूछताछ के बाद ही पुलिस कर्मी के भूमिका की सच्चाई पता चल सकती है.
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।