नागपुर पदवीधर सीट पर बीजेपी ने सुधाकर कोहळे को उतारा, अनिल सोले निर्दलीय लड़ सकते हैं
बीजेपी ने विधान परिषद की नागपुर विभाग पदवीधर मतदारसंघ सीट के लिए सुधाकर कोहळे के नाम का ऐलान कर दिया है। लेकिन उम्मीदवारी घोषित होते ही पार्टी के अंदर बगावत की आशंका खड़ी हो गई है। जानकारी सामने आई है कि पूर्व आमदार अनिल सोले निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
इस टिकट के लिए बीजेपी की तरफ से सुधाकर कोहळे और अनिल सोले, दोनों इच्छुक थे। आखिर में पार्टी ने कोहळे के नाम पर मुहर लगा दी। इसके बाद सोले ने भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है।
सूत्रों की जानकारी के मुताबिक, सोले सोमवार दोपहर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पर्चा दाखिल कर सकते हैं।
पिछले पदवीधर चुनाव में भी बीजेपी ने ऐन वक्त पर अनिल सोले को किनारे कर संदीप जोशी को उम्मीदवारी दी थी। सोले को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का करीबी माना जाता है। वे नागपुर के महापौर का पद भी संभाल चुके हैं। इसी वजह से बीजेपी समेत पूरे राजनीतिक हलके की नजर अब सोले के अगले कदम पर है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।