नागपुर पदवीधर सीट पर भाजपा ने सुधाकर कोहले का नाम तय किया, सोमवार को भरेंगे पर्चा
विधान परिषद की नागपुर विभाग पदवीधर सीट के लिए भाजपा ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को उम्मीदवार बनाया है।
विधान परिषद की नागपुर विभाग पदवीधर सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार का नाम तय कर दिया है। उम्मीद के मुताबिक पार्टी ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहले पर मुहर लगाई। एक हफ्ते से यह उत्सुकता बनी हुई थी कि उम्मीदवार कौन होगा, और रविवार को यह इंतजार खत्म हो गया।
इस नाम के संकेत पहले से मिल रहे थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर कोहले को मतदाता पंजीकरण प्रमुख बनाया गया था। उसके बाद पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने ऐलान किया कि कोहले ही उम्मीदवार रहेंगे। मुख्यमंत्री ने भी कुछ ऐसा ही इशारा दिया था। प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने भी बीच में कोहले की उम्मीदवारी को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया था।
लेकिन दो महीने से पूर्व विधायक अनिल सोले का नाम भी चर्चा में आ गया था और तभी से उनकी उम्मीदवारी की बात चलने लगी। पिछले रविवार को फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की बैठक हुई, पर उससे कोई नाम सामने नहीं आया। कोहले और सोले के अलावा मतदाता पंजीकरण सहप्रमुख सुधीर दिवे और गिरीश देशमुख के नामों पर भी चर्चा चलती रही।
सुधाकर कोहले पेशे से शिक्षक हैं। उनका राजनीतिक सफर नगरसेवक से विधायक तक का रहा। इस दौरान वे नागपुर सुधार प्रन्यास के विश्वस्त भी रहे। साल 2014 में वे विधानसभा पहुंचे। उन्होंने शहर जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। साल 2019 में उनका पत्ता साफ करके मोहन मते को उम्मीदवारी दी गई। विधानसभा चुनाव में उन्हें पश्चिम नागपुर से उतारा गया, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके।
उम्मीदवारी का ऐलान होने के बाद कोहले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। शाम को भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें पर्चा भरने से लेकर चुनाव की रणनीति तक पर चर्चा हुई।
प्रा. अनिल सोले ने उम्मीदवारी के लिए दावा किया था। बताया जाता है कि कोहले की उम्मीदवारी जाहिर होने के बाद भी सोले पर्चा भरने के अपने फैसले पर कायम हैं। दूसरी तरफ भाजपा से टिकट मांगने वाले लोकजागृती मोर्चा के अध्यक्ष एड. रमण सेनाड सोमवार को पर्चा भरने वाले हैं।
इस पदवीधर मतदारसंघ में नागपुर के साथ वर्धा, चंद्रपुर, गडचिरोली, भंडारा और गोंदिया, यानी कुल छह जिले आते हैं। चुनाव में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी और भाजपा के सुधाकर कोहले के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। दोनों उम्मीदवार सोमवार को नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को होगा।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।