गुरूवार, 5 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
PT24 खास खबर

सरकारी कर्मचारी, व्यापारी से मंदिर के पुजारी तक को नहीं छोड़ा!

जुर्म PT24 टीम

प्रमोद भागचंदानी की हफ्ता वसूली में दसवा मामला दर्ज, कमाल चौक के किराना व्यापारी से मांगे थे एक लाख रुपये

नागपुर.

सरकारी कर्मचारियों से लेकर व्यापारियों और मंदिर के पुजारी तक को धमकाकर हफ्ता वसूली करनेवाले कुख्यात प्रमोद भागचंदानी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. अब उसके खिलाफ कमाल चौक के किराना व्यापारी पवन मंगलानी की शिकायत पर पांचपावली थाने में हफ्ता वसूली और धमकाने का नया मामला दर्ज किया गया है. भागचंदानी के खिलाफ यह दसवा मामला दर्ज हुआ है. भागचंदानी ने अवैध निर्माण की शिकायत को हथियार बनाकर व्यापारी से एक लाख रुपये की मांग की थी. रकम नहीं देने पर दुकान और इमारत तुड़वाने के साथ ही पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी भी दी थी.

शिकायतों को बनाया वसूली का हथियार

पुलिस के अनुसार, पवन मंगलानी की कमाल चौक पर गुरु गोविंद सिंह किराना नाम से दुकान है. दिसंबर 2023 में भागचंदानी ने मंगलानी की दुकान और इमारत में अवैध निर्माण होने की शिकायत आसीनगर जोन के सहायक आयुक्त और मनपा आयुक्त से की थी. इसके बाद उसने मंगलानी को फोन कर परेशान करना शुरू कर दिया. वह मनपा में अपनी ऊंची पहुंच होने का दावा करते हुए इमारत तुड़वाने की धमकी देने लगा. जनवरी 2024 में भागचंदानी ने अवैध निर्माण को संरक्षण देने के बदले एक लाख रुपये की मांग की. मंगलानी ने रकम देने से इनकार किया तो उसे लगातार धमकाया जाने लगा.

परिवार को बर्बाद करने की दी धमकी

14 अगस्त 2026 को भागचंदानी मंगलानी की दुकान पर पहुंचा. उसने धमकाते हुए 'तू जानता नहीं, अच्छे-अच्छे लोग मुझे जानते हैं। मैंने कई लोगों को सबक सिखाया है। तुझे और तेरे परिवार को कैसे बर्बाद करता हूं, यह देख लेना' बोला. इसके बाद उसने एक लाख रुपये देने की मांग की. धमकियों से भयभीत मंगलानी 50 हजार रुपये देने के लिए तैयार हो गए. 5 सितंबर को उन्होंने 25 हजार रुपये भागचंदानी को दे भी दिए. शेष 25 हजार रुपये दीपावली के समय देने की बात तय हुई. बाकी रकम नहीं देने पर भागचंदानी ने फिर अवैध निर्माण तुड़वाने की धमकी दी. इसी बीच भागचंदानी की कथित वसूली की करतूतें सामने आने के बाद मंगलानी ने पांचपावली पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर हफ्ता वसूली और धमकाने का मामला दर्ज कर लिया है,

पुजारी को भी नहीं बख्शा, उत्तर नागपुर में आक्रोश

भागचंदानी के खिलाफ अब तक कुल 10 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल में बंद है. इसके बावजूद उसके खिलाफ नए-नए मामले सामने आने का सिलसिला थम नहीं रहा है. बुधवार को ही पांचपावली थाने में हनुमान मंदिर के पुजारी रितेश पांडे की शिकायत पर उसके खिलाफ हफ्ता वसूली का मामला दर्ज किया गया था.भागचंदानी लंबे समय से पुजारी को मंदिर तुड़वाने की धमकी देकर रकम वसूलने का दबाव बना रहा था. मंदिर के पुजारी तक को नहीं बख्शे जाने की खबर से उत्तर नागपुर के नागरिकों में भारी आक्रोश है. विभिन्न धार्मिक संगठनों ने भागचंदानी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. नागरिकों का कहना है कि उसने कथित हफ्ता वसूली और धमकियों के जरिए अराजकता की सारी हदें पार कर दी हैं। ऐसे व्यक्ति को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

#नागपुर#भागचंदानीकेस#PT24#BhagchandaniCase#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे