पत्नी-बेटे के घर से जाने पर नहर में कूदकर दी जान
नागपुर.
पारिवारिक विवाद और अपनों से बिछड़ने का दर्द एक युवक के लिए असहनीय साबित हुआ. पत्नी और ढाई साल के मासूम बेटे से दूरी के चलते मानसिक रूप से परेशान चल रहे 38 वर्षीय युवक ने पेच परियोजना की दाईं नहर में छलांग लगा दी. इस दर्दनाक घटना में उसकी मौत हो गई. यह घटना कामठी के घोरपड़ में हुई है. मृतक कुणाल मुकुंदराव वाघ (38) भवानी मंदिर के पास, पारडी है. कुणाल फर्नीचर बनाने का व्यवसाय करता था. मां तथा दो भाइयों के साथ रहता था. करीब एक महीने पहले घरेलू विवाद के चलते कुणाल की पत्नी अपने ढाई साल के बेटे को लेकर मायके चली गई थी. पत्नी और बेटे के अचानक दूर चले जाने से कुणाल मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था. वह इस पारिवारिक स्थिति से उबर नहीं पा रहा था. बुधवार सुबह 8 बजे कुणाल अपनी मां को बताकर घर से निकला था. इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे नागपुर-कामठी मार्ग पर घोरपड़ शिवार स्थित पेच परियोजना की नहर में उसने छलांग लगा दी. घटना के समय सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने युवक को नहर में कूदते देखा. उन्होंने न्यू कामठी पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दल हरकत में आ गए. पुलिस उपनिरीक्षक सतीश पवार के नेतृत्व में कामठी नगर परिषद के अग्निशमन दल के अधिकारी अक्षय तिरपुड़े तथा टीम के सदस्य अमित बोरकर, राहुल रंगारी, प्रफुल्ल घरडे और रूपेश पिपलपगार ने नहर में तलाशी अभियान शुरू किया. घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर कुणाल का शव बरामद किया गया. शव मिलने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. न्यू कामठी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।