बुधवार, 4 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
PT24 खास खबर

मंदिर के पूजारी भी हुए भागचंदानी के शिकार

जुर्म PT24 टीम

मंदिर तोड़ने की दी थी धमकी, अबतक 9 मामले हुए दर्ज

नागपुर.

कुख्यात ब्लैकमेलर प्रमोद भागचंदानी के शहर में पीड़ितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है. पुलिस अब तक 9 मामले दर्ज कर चुकी है. जरीपटका थाने में एक और मामला सामने आया. भागचंदानी ने एक मंदिर के पूजारी को भी नहीं छोड़ा. प्रशासन का उपयोग कर मंदिर तोड़ने की धमकी देकर उसने पूजारी से भी रकम वसूल ली और आगे भी परेशान कर रहा था. पुलिस ने इंदोरा चौक निवासी रितेश दुर्गाशंकर पांडेय (26) की शिकायत पर हफ्ता वसूली का मामला दर्ज किया है. रितेश इंदोरा चौक के हनुमान मंदिर में पुजारी है. पहले उनके पिता यहां पूजा-पाठ करते थे. मंदिर की दान पेटी में जमा होने वाले पैसों में अपने कुछ पैसे मिलाकर रितेश ने मंदिर को भव्य बनाया. यहां श्रध्दालुओं की संख्या बढ़ने लगी. हर महीने लगभग 40 से 50 हजार रुपये पेटी में जमा होते हैं. जिनसे रितेश मंदिर की देखभाल करके गुजारा करते थे. भागचंदानी भी इस मंदिर में दर्शन करने आता था. 12 सितंबर को भागचंदानी मंदिर में आया. उसने रितेश से कहा कि मंदिर की जगह तेरी नहीं है. मंदिर के सारे पैसे तू ले रहा है. कुछ ही दिनों में पूरा मंदिर तुड़वा दूंगा. तब रितेश के साथ बैठे संतोष सिंह ने बताया कि भागचंदानी की सरकारी अफसरों से पहचान है. उससे संभलकर रहना. 19 सितंबर को भागचंदानी दुबारा मंदिर में आया और रितेश को धमकाने लगा. उसने तत्काल 1 लाख रुपये नकद और हर महीने 10 हजार रुपये नहीं मिलने पर मंदिर तोड़ने की धमकी दी. रितेश ने डर के मारे उसे दूसरे दिन 50 हजार रुपये दे दिए. बाकी रकम भी देनी होगी कहकर भागचंदानी वहां से चला गया. इसके बाद वह हर शनिवार को मंदिर आकर पैसों की मांग करने लगा. 26 सितंबर को फिर उसने रितेश को धमकाकर 20 हजार रुपये वसूल लिए. लेकिन मंदिर टूटने के डर से उन्होंने पुलिस से शिकायत नहीं की. फिर प्रमोद भागचंदानी के वसूलीबाज होने और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद रितेश ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने फिरौती वसूली का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है. भागचंदानी की हफ्ता वसूली को लेकर जिस तरह रोज नए-नए खुलासे हो रहे है उससे पुलिस भी अवाक है. उसके खिलाफ सख्त प्रतिबंधक कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे