कुख्यात ब्लैकमेलर प्रमोद भागचंदानी फिर पुलिस हिरासत में
हफ्ता वसूली के मामले में प्रमोद भागचंदानी फिर पुलिस हिरासत में ,जरीपटका पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लिया कब्जे में, मंगलवार को अदालत में पेश कर मांगेगी पीसीआर
नागपुर: कथित ब्लैकमेलिंग और हफ्ता वसूली के मामलों में आरोपी प्रमोद भागचंदानी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार दोपहर जरीपटका पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर नागपुर जेल से हिरासत में लिया। पुलिस मंगलवार को उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) की मांग करेगी।
भागचंदानी को दो दिन पहले ही तहसील पुलिस की हिरासत पूरी होने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। तहसील पुलिस ने उसे गारमेंट व्यापारी हरीश केवलरमानी से कथित तौर पर 2 लाख रुपये की हफ्ता वसूली के मामले में गिरफ्तार किया था। इस प्रकरण में पुलिस ने उससे चार दिन तक पूछताछ की थी। हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद अदालत ने उसे जेल भेज दिया था।
रवि केवलरमानी से 45 हजार रुपये वसूली का आरोप
प्रमोद भागचंदानी के खिलाफ जरीपटका पुलिस थाने में भी हफ्ता वसूली से जुड़े दो मामले दर्ज होने की जानकारी है। इनमें गारमेंट व्यापारी रवि केवलरमानी से संबंधित मामला भी शामिल है। आरोप है कि भागचंदानी ने रवि केवलरमानी को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर 45 हजार रुपये वसूले थे।
इस मामले में भागचंदानी को अदालत से अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन बाद में यह राहत रद्द कर दी गई। इसके बाद जरीपटका पुलिस ने सोमवार को प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे जेल से हिरासत में लिया।
पूछताछ में और खुलासों की संभावना
भागचंदानी के खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जरीपटका पुलिस मंगलवार को अदालत में पेश कर उसकी पुलिस हिरासत मांगेगी। पूछताछ के दौरान कथित वसूली से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सकती है।
ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें PrimeTime24.com के साथ।