त्रिमूर्ति नगर के लेटर बॉक्स में डाला गया था लिफाफा
इतवारी पोस्ट ऑफिस की कर्मचारी निकली 'वह' महिला, त्रिमूर्तिनगर-खामला के अपराधियों पर नजर, जांच में जूटी क्राइम ब्रांच
नागपुर.
इतवारी के सराफा व्यापारियों से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10-10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के प्रकरण में शहर पुलिस को अहम सुराग मिला है. व्यापारियों को भेजे गए धमकी भरे पत्रों की जांच में सामने आया है कि ये लिफाफे त्रिमूर्तिनगर स्थित पोस्टल बॉक्स में डाले गए थे. इसके बाद पत्र इतवारी पोस्ट ऑफिस पहुंचे, जहां से इतवारी के सराफा व्यापारी नेहाल तिनखेड़े को डिलीवरी मिली. इस खुलासे के बाद पुलिस त्रिमूर्तिनगर और खामला परिसर में सक्रिय अपराधियों की छानबीन में जुट गई है. मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है कि सराफा व्यापारी को धमकी भरे लिफाफे पहुंचाने वाली महिला इतवारी पोस्ट ऑफिस की कर्मचारी थी. सोमवार को तिनखेड़े की दुकान और परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद इसका खुलासा हुआ है. ज्ञात है कि कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से इतवारी के 8 सराफा व्यापारियों को पत्र भेजकर 10-10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह जिले नागपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिरौती मांगने से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों में भी चिंता बढ़ गई है. हालांकि, पुलिस को संदेह है कि इस मामले में स्थानीय अपराधी बिस्नोई के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने और फिरौती वसूलने की कोशिश कर रहे हैं.
सीसीटीवी से पोस्ट ऑफिस तक पहुंची पुलिस
इतवारी पोस्ट ऑफिस पहुंचने के बाद क्राइम ब्रांच ने लिफाफा कहां से भेजा गया इसकी जांच आरंभ की. जिसके बाद धमकी भरे पत्र त्रिमूर्तिनगर स्थित पोस्टल बॉक्स में डाले जाने का पता चला. पोस्टल बॉक्स से लिफाफा त्रिमूर्ति नगर पोस्ट ऑफिस पहुंचा. लिफाफों पर इतवारी स्थित नेहल तिनखेड़े के दुर्गा ज्वेलर्स का पता दर्ज होने से उसे इतवारी पोस्ट ऑफिस में भेजा गया. वहां की महिला कर्मचारी ने डिलीवरी दी. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्टल बॉक्स में पत्र किसने डाले और इसके पीछे कौन लोग हैं. इससे पहले 15 सितंबर को प्रतापनगर के सराफा व्यापारी राजकुमार भुजाड़े को भी बिस्नोई के नाम से पत्र भेजकर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी. अब इतवारी के आठ व्यापारियों को निशाना बनाए जाने से पुलिस स्थानीय स्तर पर सक्रिय फिरौती गिरोह की आशंका को गंभीरता से ले रही है.
चर्चा में है गैंगस्टर का गुर्गा कुख्यात गप्पू
पुलिस इतवारी के पुराने गैंगस्टर आंबेकर और उसके पुराने गुर्गों की भी पड़ताल कर रही है. खामला के कुख्यात गप्पू सहित कुछ अपराधी पुलिस के 'टारगेट' पर है. गप्पू के खिलाफ गत दिनों हफ्ता वसूली की शिकायत दर्ज हुई है. गप्पू कुछ समय से शहर के पेशेवर अपराधियों के साथ घूम रहा है. क्राइम ब्रांच की महिला अधिकारी के दलाल और मुखबिर के तौर पर चर्चित क्रिकेट बुकी से भी गप्पू के रिश्ते है. उसकी मदद से गप्पू गोवा में कैशिनो किराय पर लेने जा रहा है. जहां दीपावली के बाद शहर के जुआरियों की महफील रखी गई है. गप्पू पश्चिम नागपुर के चर्चित 'सेठ' से भी जूड़ा है. कुछ समय पहले ही सेठ ने दुबई में बड़ी पार्टी आयोजित की थी. अवैध साहूकारी और क्रिकेट सट्टे में दबदबा होने से गप्पू का खामला में दबदबा है. इसीलिए शहर पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई की हिम्मत नहीं जूटा पा रही है. इसके चलते किसी भी वक्त खामला में खून-खराबे का खतरा निर्माण हो गया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।