त्योहारी सीजन में ऑनलाइन बिक्री सुस्त, डिलीवरी डिस्पैच 10 से 12 फीसदी घटा
अमेज़न और फ्लिपकार्ट की त्योहारी सेल के पहले 10 दिनों में पिछले साल के मुकाबले डिलीवरी डिस्पैच 10 से 12 फीसदी कम रहा।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नई दिल्ली: त्योहारों के मौसम में महंगाई की मार बाजारों के साथ ई-कॉमर्स और ऑनलाइन शॉपिंग पर भी पड़ी है। अमेज़न के 'ग्रेट इंडियन फेस्टिवल' और फ्लिपकार्ट के 'बिग बिलियन डेज' जैसी बड़ी त्योहारी सेल के पहले 10 दिनों में पिछले साल के मुकाबले ऑनलाइन डिलीवरी डिस्पैच 10 से 12 फीसदी घट गया।
जानकारों के मुताबिक प्रीमियम इलेक्ट्रॉनिक्स, स्मार्टफोन, लैपटॉप और घरेलू उपकरण जैसे सेगमेंट में मांग सुस्त पड़ी है। इसकी मुख्य वजह यह है कि पिछले कुछ महीनों में इन सामानों की कीमतें 30 से 40 फीसदी बढ़ गई हैं। बढ़ती लागत और कम मुनाफे की वजह से ब्रांड बड़ी छूट नहीं दे पा रहे हैं। अगर आने वाले दिनों में मांग नहीं बढ़ी, तो ई-कॉमर्स सेक्टर के लिए यह त्योहारी सीजन उम्मीद से काफी कमजोर साबित हो सकता है।
शुरू में उम्मीद थी कि त्योहारों में जमकर खरीदारी होगी, लेकिन अब ऑनलाइन त्योहारी बिक्री भी ठंडी दिख रही है। बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों और डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर ब्रांड्स के मुताबिक सेल के शुरुआती चार दिनों में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की कुल कारोबारी वैल्यू करीब 29800 से 30900 करोड़ रही। पिछले साल इसी अवधि में यह 33200 करोड़ थी, यानी सालाना आधार पर 7 से 10 फीसदी कम है।
इंडस्ट्री से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी कैटेगरी आमतौर पर फेस्टिव सेल के दौरान कुल जीएमवी में आधे से ज्यादा हिस्सा रखती हैं। ऐसे में इन बड़ी कैटेगरी की कीमतों में आई बढ़ोतरी पूरे ई-कॉमर्स उद्योग की रफ्तार धीमी कर रही है।
बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों और डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर ब्रांड्स का कहना है कि बढ़ती कीमतों और सीमित डिस्काउंट की वजह से ग्राहकों का रुझान कम हुआ है।
काउंटरपॉइंट रिसर्च के मुताबिक दिवाली 2026 में बिक्री 16 फीसदी कम रही, जो पिछले कुछ सालों की सबसे बड़ी गिरावट है। सबको लग रहा था कि ऑनलाइन बिक्री का रिकॉर्ड बनेगा, पर हुआ उलटा। स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स महंगे हुए हैं और फ्रेट चार्ज भी बढ़ा है। इसी वजह से iPhone, Samsung, Vivo, Oppo और Xiaomi के औसत दाम अब 35000 से 37000 हो गए हैं।