नागपुर के सिम्बायोसिस लॉ कॉलेज में बवाल, VHP-बजरंग दल ने की तोड़फोड़
छात्रा के कथित यौन शोषण का मामला गरमाया, ABVP के प्रदर्शन के बाद परिसर में तनाव; भारी पुलिस बल तैनात
नागपुर।
नागपुर के सिम्बायोसिस लॉ कॉलेज में छात्रा के कथित यौन शोषण के मामले को लेकर पिछले चार दिनों से तनाव बना हुआ था। शनिवार शाम करीब 7 बजे विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने परिसर में घुसकर जमकर नारेबाजी की और तोड़फोड़ की। घटना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, लॉ फैकल्टी के एक प्रोफेसर पर छात्रा के यौन शोषण का आरोप लगने के बाद से कॉलेज में माहौल तनावपूर्ण था। आरोप है कि पुलिस पीड़ित छात्रा के परिजनों की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराए जाने का हवाला देकर कार्रवाई से बच रही थी। इसी मुद्दे को लेकर पिछले दो दिनों से भी तनाव बना हुआ था। शनिवार सुबह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के सामने प्रदर्शन किया।
इसके बाद शाम को VHP और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन छात्रा के कथित यौन शोषण के मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने मामले में धर्मांतरण से जुड़े पहलुओं की भी जांच की मांग की। साथ ही, प्रोफेसर पर अन्य छात्राओं के शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोपों की भी चर्चा सामने आने का दावा किया।
प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन पर मामले की सच्चाई सामने नहीं आने देने का आरोप लगाते हुए संबंधित प्रोफेसर और उसे कथित तौर पर संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि छात्राओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल सिम्बायोसिस परिसर पहुंच गया। काफी देर तक परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता और छात्र कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
फिलहाल, यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। मामले में कॉलेज प्रशासन और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।