मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
17:11 IST

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, कुख्यात गैंगस्टर युवराज माथनकर गिरफ्तार

तीन बार गर्भपात कराने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; प्रतापनगर पुलिस ने दर्ज किया मामला

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, कुख्यात गैंगस्टर युवराज माथनकर गिरफ्तार

नागपुर, शहर के कुख्यात अपराधी युवराज माथनकर को शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, तीन बार गर्भपात कराने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। प्रतापनगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, माथनकर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और हफ्ता वसूली सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह एक समय गैंगस्टर संतोष आम्बेकर के साथ जुड़ा हुआ था। उसके खिलाफ पूर्व में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। बीते कुछ समय से वह कथित तौर पर सोलर कारोबार के जरिए अपनी धाक जमाने में जुटा था।

37 वर्षीय पीड़िता की पहचान एक मध्यस्थ के माध्यम से माथनकर से हुई थी। दोनों पिछले पांच साल से एक-दूसरे को जानते थे। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, माथनकर ने उसे शादी का झांसा दिया और प्रतापनगर सहित शहर के विभिन्न होटलों में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

इस दौरान पीड़िता तीन बार गर्भवती हुई। आरोप है कि माथनकर उसे अस्पताल ले गया और तीनों बार गर्भपात कराया। बार-बार गर्भपात कराए जाने के बाद पीड़िता को संदेह होने लगा। उसने माथनकर पर शादी करने के लिए दबाव बनाया तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और धमकी देने का सिलसिला शुरू हो गया।

शिकायत के मुताबिक, माथनकर पीड़िता के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने शादी करने से भी इनकार कर दिया। माथनकर की आपराधिक पृष्ठभूमि और शहर में उसकी दहशत के कारण पीड़िता भयभीत थी। वह करीब दो साल तक कथित तौर पर उसकी यातनाएं सहती रही।

तीन दिन पहले पीड़िता ने प्रतापनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद माथनकर के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकाने के आरोप में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

माथनकर बीते कुछ समय से सत्ताधारी दल के नेताओं के साथ कथित तौर पर सोलर कारोबार से जुड़ा हुआ था। शहर की राजनीति में सक्रिय कुछ बड़े नेताओं से उसकी नजदीकियां होने की भी चर्चा है। धरमपेठ के एक व्यापारी के साथ उसके व्यावसायिक संबंध बताए जाते हैं। आरोप है कि इस व्यापारी ने कारोबार बढ़ाने और शहर में अपना प्रभाव जमाने में उसकी काफी मदद की है ।

पीड़िता पहले सक्करधरा क्षेत्र के एक गैंगस्टर के संपर्क में थी। बाद में उसकी पहचान युवराज माथनकर से हुई और वह उसके संपर्क में आ गई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

मामले की आगे की जांच में माथनकर के व्यावसायिक संपर्कों और अन्य गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा सकती है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे