त्योहारों के सीजन में नौकरियों की बहार, लाखों नए पद निकलेंगे
जुलाई से दिसंबर 2026 के बीच देश में गिग और सीजनल नौकरियों में बड़ी बढ़ोतरी की उम्मीद, नागपुर जैसे शहरों में भी मांग बढ़ी
एक तरफ रोजगार को लेकर सवाल खड़े होते रहते हैं, दूसरी तरफ एक सेक्टर में नौकरियों की बड़ी संभावना सामने आई है। जुलाई से दिसंबर 2026 के बीच देश में 2,00,000 से 2,50,000 सीजनल और गिग नौकरियां पैदा होने की उम्मीद जताई गई है। त्योहारों के दौरान भर्ती में 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी होने की संभावना भी बताई गई है।
यह अनुमान ग्लोबल टेक्नोलॉजी और डिजिटल टैलेंट सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी एनएलबी सर्विसेज की एक रिपोर्ट में सामने आया है। ई-कॉमर्स जैसे सेक्टरों में जो अस्थायी कर्मचारी काम करते हैं, उन्हें गिग वर्कर कहा जाता है। देश में त्योहारों का सीजन शुरू होते ही ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, रिटेल, लॉजिस्टिक्स, हॉस्पिटैलिटी, ट्रैवल और कस्टमर सर्विस जैसे सेक्टर साल के सबसे व्यस्त और सबसे ज्यादा डिमांड वाले दौर की तैयारी में जुट गए हैं।
अब कंपनियां पहले से ही भर्ती शुरू कर रही हैं और पुराने तरीकों से हटकर टेक्नोलॉजी पर आधारित, काबिल और जल्दी तैनात हो सकने वाले वर्कफोर्स पर ज्यादा भरोसा कर रही हैं। त्योहारों के दौरान डिमांड पूरी करने के लिए होने वाली भर्ती अब सिर्फ थोड़े समय की जरूरत नहीं रह गई है, बल्कि यह नए टैलेंट तक पहुंचने, बड़े पैमाने पर उनकी काबिलियत परखने और आगे चलकर लंबे समय तक नौकरी देने का एक जरिया भी बनती जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक कंपनियां त्योहारों के सबसे ज्यादा डिमांड वाले दौर से करीब 12 से 14 हफ्ते पहले ही अपने वर्कफोर्स की जरूरतों की प्लानिंग शुरू कर देती हैं। इससे उन्हें काबिल लोगों को पहले से तैयार रखने और आखिरी वक्त की भर्ती का दबाव कम करने में मदद मिलती है। त्योहारी भर्ती अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रही, भौगोलिक रूप से भी इसका दायरा बढ़ रहा है। कुल त्योहारी भर्ती की मांग में करीब 45 फीसदी हिस्सा टियर टू और टियर थ्री शहरों से आने की उम्मीद है, और इन बाजारों में भर्ती 25 से 30 फीसदी तक बढ़ने का अनुमान है।
ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, संगठित रिटेल और क्षेत्रीय ऑर्डर डिलीवरी नेटवर्क के फैलाव की वजह से जयपुर, लखनऊ, इंदौर, सूरत, नागपुर, भुवनेश्वर, कोयंबटूर, चंडीगढ़ और कोच्चि जैसे शहरों में रोजगार की मांग बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक जो युवा और महिलाएं पहली बार काम पर जा रहे हैं, वे त्योहारों के इस सीजन में एक अहम टैलेंट पूल के तौर पर उभर रहे हैं।