JEE Main 2027: बिना कोचिंग घर बैठे मुफ्त तैयारी, ये प्लेटफॉर्म आएंगे काम
महंगी कोचिंग के बिना JEE Main की तैयारी करने वालों के लिए तीन मुफ्त ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और AI टूल्स के इस्तेमाल की सलाह।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
JEE Main 2027 की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स के लिए सही स्टडी मटेरियल और मॉक टेस्ट का होना बहुत जरूरी है। कई बच्चे महंगी कोचिंग के बिना ही यह परीक्षा देना चाहते हैं, लेकिन उन्हें पता नहीं चलता कि पढ़ाई के लिए भरोसेमंद कंटेंट कहां मिलेगा। उनके लिए राहत की बात यह है कि ऑनलाइन ऐसे कई प्लेटफॉर्म मौजूद हैं, जहां मुफ्त वीडियो लेक्चर, प्रैक्टिस के सवाल और मॉक टेस्ट की मदद मिल जाती है। अगर आपका लक्ष्य JEE Main में अच्छे नंबर लाना है, तो इन प्लेटफॉर्म से अपनी तैयारी और पक्की कर सकते हैं।
पहला नाम है 'नेशनल टेस्ट अभ्यास' ऐप का। JEE Main की तैयारी में सिर्फ किताबें पढ़ लेना काफी नहीं होता। परीक्षा में तय समय के अंदर सवाल हल करने की प्रैक्टिस भी करनी पड़ती है। इस ऐप को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कंपटीटिव परीक्षाओं की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स के लिए बनाया है।
इस प्लेटफॉर्म पर स्टूडेंट्स CBT, यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (Computer Based Test) के तरीके से मॉक टेस्ट दे सकते हैं। इससे उन्हें असली परीक्षा जैसा अनुभव मिलता है और यह भी समझ आता है कि कम समय में सवाल कैसे हल किए जाएं। इसकी एक खास बात यह है कि मॉक टेस्ट डाउनलोड करके ऑफलाइन भी प्रैक्टिस की जा सकती है। इंटरनेट की दिक्कत हो तब भी पढ़ाई चलती रहती है। इसकी जानकारी NTA की आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in पर मिल जाएगी।
दूसरा प्लेटफॉर्म है SATHEE। इसका पूरा नाम 'सेल्फ असेसमेंट, टेस्ट एंड हेल्प फॉर एंट्रेंस एग्जाम' (Self Assessment, Test and Help for Entrance Exams) है। यह शिक्षा मंत्रालय और IIT कानपुर की पहल है, जिसका मकसद कंपटीटिव परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चों को मुफ्त पढ़ाई की सुविधा देना है।
यहां वीडियो लेक्चर, मॉक टेस्ट और पढ़ाई की शंकाएं दूर करने के लिए ऑनलाइन सेशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं। JEE Main के अलावा JEE Advanced की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां मौजूद कंटेंट की मदद से बच्चे घर बैठे अपनी कमजोरियां पहचान सकते हैं और जिन विषयों में दिक्कत आती है, उन पर दोबारा मेहनत कर सकते हैं। JEE Main की तैयारी के लिए क्रैश कोर्स जैसी सुविधा भी यहां दी जाती है। नए कोर्स और सेशन की जानकारी के लिए sathee.iitk.ac.in वेबसाइट देखी जा सकती है।
तीसरा प्लेटफॉर्म है IIT-PAL। JEE Main में अच्छा स्कोर करने के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स के कॉन्सेप्ट मजबूत होना जरूरी है। कोई विषय समझने में परेशानी आ रही हो तो IIT-PAL के वीडियो लेक्चर काम आ सकते हैं।
IIT-PAL यानी 'आईआईटी-प्रोफेसर असिस्टेड लर्निंग' (IIT Professor Assisted Learning) के तहत स्टूडेंट्स को आईआईटी के प्रोफेसरों और विषय एक्सपर्ट्स के लेक्चर मिलते हैं। इसका मकसद 11वीं और 12वीं के बच्चों को जरूरी कॉन्सेप्ट समझाना और कंपटीटिव परीक्षाओं की तैयारी में मदद करना है। यहां फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स जैसे विषयों के लेक्चर टॉपिक के हिसाब से देखे जा सकते हैं, और स्टूडेंट अपनी सुविधा से कोई भी टॉपिक दोबारा पढ़ सकते हैं। इसके लेक्चर 'स्वयं प्रभा' चैनल पर भी प्रसारित होते हैं। उपलब्ध कंटेंट देखने के लिए iitpal.iitd.ac.in वेबसाइट पर जाया जा सकता है।
आजकल पढ़ाई के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का भी इस्तेमाल हो सकता है। JEE Main की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स इनकी मदद से अपना स्टडी प्लान बना सकते हैं, मुश्किल विषय आसान भाषा में समझ सकते हैं और कोई भी कॉन्सेप्ट याद रखने के आसान तरीके खोज सकते हैं। मिसाल के तौर पर, फिजिक्स का कोई सवाल समझ न आए तो AI टूल से उसका हल स्टेप-बाय-स्टेप समझाने को कहा जा सकता है। इसी तरह मैथ्स के किसी टॉपिक पर और सवाल बनवाकर प्रैक्टिस भी की जा सकती है।
हालांकि AI से मिले जवाबों को आंख मूंदकर सही नहीं मान लेना चाहिए। खासकर मैथ्स और साइंस के सवालों में जवाब किताबों या भरोसेमंद स्टडी मटेरियल से मिलाकर देखना बेहतर रहता है।
एक बात याद रखें कि सिर्फ वीडियो देखने या मॉक टेस्ट देने से तैयारी पूरी नहीं होती। हर टेस्ट के बाद अपनी गलतियां समझना और कमजोर विषयों पर दोबारा काम करना जरूरी है। नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और लगातार प्रैक्टिस से इन मुफ्त ऑनलाइन साधनों का अच्छा इस्तेमाल किया जा सकता है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।