बैंक से पीछा, अपार्टमेंट में घूसकर लूटा
70 वर्षीय बुजुर्ग को निशाना बनाकर फरार हुआ लुटेरा, गिट्टीखदान की नागभूमि सोसायटी में दिनदहाड़े वारदात
नागपुर.
बैंक से पेंशन के रुपये निकालकर घर लौट रहे 70 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी को लुटेरे ने निशाना बनाया. बैंक से ही पीछा कर रहे एक्टिवा सवार अपराधी ने अपार्टमेंट में घुसकर बुजुर्ग के हाथ से नकदी और जरूरी दस्तावेजों की थैली लूट ली. अचानक हुई इस वारदात से बुजुर्ग घबरा गए। उन्होंने लुटेरे का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन गिर पड़े. इसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है.
बैंक से ही बुजुर्ग के पीछे लगा था लुटेरा
गिट्टीखदान थाने के तहत नागभूमि सोसाइटी में यह वारदात हुई. पीड़ित ज्ञानेश्वर नाईक (70) सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं. उनका पेंशन खाता इंडियन बैंक में है. 26 अक्टूबर की दोपहर वे बैंक पहुंचे और खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाले. उन्होंने 50 हजार रुपये थैली में रखे, जबकि एक लाख रुपये पैंट की जेब में रख लिए. इसके बाद वे ऑटो से घर पहुंचे. नाईक ऑटो से उतरकर अपार्टमेंट में लिफ्ट के पास खड़े थे. तभी एक्टिवा सवार युवक वहां पहुंचा. वह बैंक से ही नाईक का पीछा कर रहा था. युवक ने अपार्टमेंट के बाहर एक्टिवा खड़ी की और तेजी से अंदर घुसकर नाईक के हाथ से नकदी और दस्तावेजों की थैली छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया.
लुटेरे का पीछा करने निकले, गिर पड़े बुजुर्ग
अचानक हुई लूट से नाईक हक्का-बक्का रह गए. उन्होंने लुटेरे को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन चार-पांच कदम चलते ही गिर पड़े. उन्हें मामूली चोट भी आई. इस बीच लुटेरा आसानी से भाग निकला. घटना के बाद नाईक ने गिट्टीखदान थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. बैंक से घर तक पीछा कर बुजुर्ग को निशाना बनाने की इस वारदात ने शहर में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।