टाइगर श्रॉफ से पहले चार बड़े सितारों के घरों की हुई थी रेकी, सुरक्षा देख बदला प्लान
टाइगर श्रॉफ के घर पर फायरिंग की जांच में पता चला कि अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों की भी रेकी हुई थी।
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर पर हुई फायरिंग की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पता चला है कि टाइगर से पहले बॉलीवुड के चार बड़े कलाकारों को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों की भी रेकी की थी। लेकिन इन घरों की सुरक्षा कड़ी थी, इसलिए प्लान बदल दिया गया। बाद में टाइगर श्रॉफ पर हमला किया गया, जिसकी तैयारी दो महीने से चल रही थी।
जांच में सामने आया कि लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित ने इन बड़े सितारों को टारगेट करने का निर्देश दिया था। शूटर्स ने चारों अभिनेताओं के घरों की रेकी की और उसके वीडियो अनिल पंडित को भेजे। कड़ी सुरक्षा की वजह से आरोपियों को अपनी योजना बदलनी पड़ी। उन्होंने करीब सात दिन तक रेकी की और उसके बाद फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया।
इस बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई क्राइम ब्रांच ने हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस केस में 4 नए आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। इनमें हरियाणा के सोनीपत के कुनाल (21) और सुमित (19) हैं। उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली राधा और आजमगढ़ की बबीता को भी गिरफ्तार किया गया है।
जांच के मुताबिक कुनाल ने अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस का इंतजाम किया था। इसके बाद राधा और बबीता के जरिए ये हथियार मुंबई में शूटर्स तक पहुंचाए गए। दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को दिल्ली से मुंबई पहुंचीं और शूटर्स को पिस्टल दीं। इन चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इससे पहले पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को वारदात के 15 घंटे के अंदर सोमवार को कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़ा था। इनमें बिहार के बेगुसराय का ऋितिक, और हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले रेहान और फूल सिंह शामिल हैं। ये तीनों वारदात के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे। तीनों को कोटा से मुंबई लाया गया और सभी की मेडिकल जांच जीटी अस्पताल में कराई गई।
टाइगर श्रॉफ के घर पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार इन तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी। पेशी मुंबई की किला कोर्ट में होनी है। फिलहाल आरोपी मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल की हिरासत में हैं, जहां उनसे पूछताछ चल रही है। कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस आरोपियों की हिरासत बढ़ाने की मांग कर सकती है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।