टाइगर श्रॉफ की कार पर हमला: कुणाल को हथियार इंतजाम के बदले 70-80 हजार रुपये मिलने का दावा
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुए हमले की जांच में शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी कुणाल अनिल पंडित के कहने पर अमृतसर से मुंबई तक हथियार पहुंचाने का इंतजाम कर रहा था।
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ नई-नई बातें सामने आ रही हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी कुणाल की मुलाकात अनिल पंडित से हुई थी। अनिल पंडित ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई का सहयोगी बताया था।
जानकारी के मुताबिक, अनिल पंडित के कथित निर्देश पर ही कुणाल ने अमृतसर से मुंबई तक हथियार और कारतूस पहुंचाने का इंतजाम किया। इस काम में सुमित भी उसके साथ था। मुंबई तक हथियार ले जाने के लिए दो महिलाओं की मदद ली गई थी।
कुणाल ने कथित तौर पर राधा और उसकी सहयोगी बबीता को हथियार और कारतूस मुंबई पहुंचाने के लिए अपने नेटवर्क में शामिल किया था। यह भी दावा किया गया है कि हथियारों की आवाजाही का इंतजाम करने के बदले कुणाल को 70 से 80 हजार रुपये मिले थे। इनमें से करीब 10 से 12 हजार रुपये हथियार पहुंचाने वाले 'कूरियर' को दिए जाने की बात सामने आई है।
कुणाल और अनिल पंडित की मुलाकात कैसे हुई, इस बारे में बताया गया है कि कुणाल एक दोस्त के जरिए अनिल पंडित से मिला था। बाद में दोनों की बातचीत एक एन्क्रिप्टेड ऐप पर होने लगी। अनिल पंडित के कहने पर कुणाल ने अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस मंगवाए और उन्हें राधा को सौंप दिया।
राधा से कुणाल की मुलाकात करीब दो महीने पहले हुई थी। बाद में उसने राधा को अपने काम के बारे में बताया और उसे मुंबई तक हथियार ले जाने के लिए मना लिया।
कुणाल 15 अक्टूबर को राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन ले गया और पिस्टल के साथ उन्हें मुंबई की ट्रेन में बिठा दिया। सफर के दौरान वह लगातार दोनों महिलाओं के संपर्क में रहा और अनिल पंडित के निर्देश उन तक पहुंचाता रहा।
17 अक्टूबर को राधा और बबीता मुंबई के दादर स्टेशन पर उतरीं और वहां से एक होटल में चली गईं। होटल में एक दूसरा लड़का राधा से पिस्टल वाला बैग लेकर चला गया।
18 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर हमला हुआ। उसी दिन राधा और बबीता दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
20 अक्टूबर को राधा और बबीता दोनों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया गया। वहीं दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुणाल और सुमित को सोनीपत से पकड़ा। इस तरह इस मामले में चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।