टाइगर श्रॉफ फायरिंग: अनिल पंडित वांटेड घोषित, पुलिस ने तीन आरोपियों की 14 दिन की कस्टडी मांगी
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में एक नया मोड़ आया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य अनिल पंडित को अब इस केस में वांटेड आरोपी बनाया गया है। इससे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसके जरिए यह बात सामने आई थी कि अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है।
उधर, पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद बुर्के में अदालत में पेश किया। पुलिस ने रिमांड रिपोर्ट के साथ उनकी 14 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी है।
पुलिस के मुताबिक जांच में कई बातें शामिल होंगी। यह पता लगाना है कि आरोपियों ने किसके कहने पर और किस मकसद से गोली चलाई। उन्होंने हथियार कहां से हासिल किए और उन हथियारों की बरामदगी भी करनी है। घटना में इस्तेमाल हुए मोबाइल फोन जब्त करने हैं। जो आरोपी अभी फरार हैं, उनकी क्या भूमिका रही, यह भी देखा जाएगा।
इसके अलावा दिल्ली में गिरफ्तार बाकी आरोपियों से पूछताछ होनी है। फायरिंग के लिए आर्थिक मदद मिली या नहीं और इस वारदात में किसी संगठित गिरोह की भूमिका रही या नहीं, इसकी जांच भी की जानी है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के बिहार और हरियाणा से संबंध हैं, जबकि बाकी आरोपी अलग-अलग राज्यों में हैं। इसी वजह से जांच के लिए पुलिस को कई राज्यों में जाना जरूरी है।
दिल्ली से पकड़े गए 4 और आरोपियों को गुरुवार को मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने उन्हें 26 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने 31 अक्टूबर तक कस्टडी मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 26 अक्टूबर तक की ही मंजूरी दी।
पुलिस ने कोर्ट में जो रिमांड अर्जी दाखिल की, उसके अनुसार अनिल पंडित इस मामले में फरार आरोपी है। सुनवाई के दौरान मुंबई पुलिस ने दावा किया कि फायरिंग की घटना अनिल पंडित के इशारे पर हुई थी। हालांकि इस केस में उसकी सटीक भूमिका क्या रही, इसकी जांच अभी चल रही है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।