त्योहार में घर लौटने वालों को राहत, नागपुर से मुंबई-पुणे के लिए 25 स्पेशल ट्रेनें मंजूर
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
दीवाली और छठ पूजा पर नागपुर से मुंबई और पुणे (हडपसर) के लिए कुल 25 स्पेशल ट्रेनों को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंजूरी दी है।
दीवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। त्योहार के दिनों में ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ रहती है और कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। इसी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने नागपुर-मुंबई और नागपुर-पुणे (हडपसर) जैसे व्यस्त रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।
इन स्पेशल सेवाओं को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंजूरी दी है। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने इसके लिए खास अनुरोध किया था, जिस पर रेल मंत्री ने संज्ञान लिया। रेल मंत्री ने एक आधिकारिक पत्र के जरिए पूरी योजना की पुष्टि की है। इससे महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में सफर करने वाले लाखों यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी।
रेल मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक नागपुर-मुंबई रूट पर 8 स्पेशल ट्रेनें तय की गई हैं। ये ट्रेनें कुल 8 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए यह इंतजाम किया गया है।
नागपुर-पुणे (हडपसर) रूट पर 17 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। पुणे में पढ़ाई और नौकरी करने वालों की बड़ी तादाद को ध्यान में रखकर यह फैसला हुआ है। ये 17 ट्रेनें कुल 24 अतिरिक्त फेरों में अपनी सेवाएं देंगी। इस तरह दोनों रूट मिलाकर 25 स्पेशल ट्रेनें होती हैं।
बात सिर्फ मुंबई और पुणे की नहीं है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पत्र के अनुसार शेगांव, नासिक, अमरावती, विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और उधना (सूरत) को जोड़ने वाले रूटों पर भी 18 और स्पेशल ट्रेनों की रूपरेखा बनाई गई है। यात्रियों के भारी दबाव को देखते हुए 13 और अतिरिक्त ट्रेनों की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इन ट्रेनों की घोषणा जल्द की जाएगी।
हर साल दीवाली के मौके पर ट्रेनों में नो-रूम और लंबी वेटिंग लिस्ट की दिक्कत बनी रहती है। ऐसे में प्रतापराव जाधव के समय पर किए गए अनुरोध और रेल मंत्रालय के जल्द लिए गए इस फैसले से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। इस कदम से वेटिंग लिस्ट कम होने की उम्मीद है और लोग त्योहार अपने परिवार के साथ आराम से मना सकेंगे।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।