शादी का झांसा देकर विधवा का पांच साल तक यौन शोषण!
बच्चों की परवरिश और घर दिलाने का दिया भरोसा, 3 लाख रुपये भी हड़पे, रिश्तेदार पर मामला दर्ज
नागपुर.
शादी का सपना दिखाया, बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया और घर खरीदकर देने के नाम पर तीन लाख रुपये भी ऐंठ लिए. इसके बाद जब शादी करने और पैसे लौटाने की बारी आई, तो आरोपी रिश्तेदार ने हाथ खड़े कर दिए. विधवा महिला को करीब पांच साल तक झांसे में रखकर यौन शोषण करने का मामला मानकपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है. पुलिस ने आरोपी राजेश (40) कानेवाड़ा, शिवनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
53 वर्षीय पीड़िता के पति की सात साल पहले मृत्यु हो गई है. इसी दौरान रिश्तेदार राजेश विश्वकर्मा ने उसे काम दिलाने और रहने की व्यवस्था करने का भरोसा दिया. आरोपी ट्रक चालक है. उसके भरोसे पर महिला वर्ष 2020 में नागपुर आई और मानकपुर थाना क्षेत्र में रहने लगी. विश्वकर्मा जब भी नागपुर आता, महिला के घर पर ही ठहरता था. इसी दौरान उसने महिला से शादी करने और उसके बच्चों की परवरिश करने का वादा किया. इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह करीब पांच साल तक महिला से शारीरिक संबंध बनाता रहा.
तीन लाख रुपये लेकर भी मुकरा
विश्वकर्मा ने महिला को घर खरीदकर देने का झांसा देकर तीन लाख रुपये लिए. इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर उससे और भी पैसे लेने लगा. उसके बर्ताव से महिला को संदेह होने लगा. उसने शादी करने के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा. अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए उसने रकम लौटाने में भी असमर्थता जताई और शादी करने से भी इनकार करके फरार हो गया. खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने मानकपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने विश्वकर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दोस्ती के बहाने बालिका पर रेप
दोस्ती करने के बहाने बालिका पर बलात्कार किया गया है. 15 वर्षीय बालिका की सिवनी के एक युवक से दोस्ती हुई थी. इसके बाद से दोनों की बातचीत होने लगी. युवक ने बालिका से शारीरिक संबंध बनाए. बालिका ने यह बात किसी को नहीं बताई. पेट दर्द होने पर उसने अपनी मां को जानकारी दी. उसे अस्पताल ले जाने पर 22 सप्ताह की गर्भवती होने का पता चला. सीताबर्डी पुलिस ने रेप तथा पोक्सो के तहत मामला दर्ज किया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।