अंडमान-निकोबार से दबोचा गया सराफा डकैती का आरोपी
एमआईडीसी प्रकरण में पांचवी गिरफ्तारी, AI तकनीक से मिला सुराग, 53.75 लाख का माल बरामद
नागपुर.
एमआईडीसी में ज्वेलर्स की दुकान पर बंदूक दिखाकर की गई लाखों की लूट के मामले में पुलिस ने लंबी पड़ताल के बाद पांचवें आरोपी को भी दबोच लिया है. उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बाद पांचवे आरोपी को अंडमान-निकोबार से गिरफ्तार किया गया. एमआईडीसी पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में यह कार्रवाई की गई. पुलिस ने अबतक गहने सहित 53 लाख 75 हजार रुपये का माल बरामद किया है.
यूपी से हरियाणा तक तलाश, AI तकनीक से मिला सुराग!
नागपुर के हिंगणा रोड पर महाकाली बार के सामने स्थित ढोमणे ज्वेलर्स में 3 अक्टूबर की शाम कर्मचारी शुभम हाडगे से बंदूक की नोंक पर मारपीट करके 40 लाख रुपये के गहने लूट लिए गए थे. इस वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश और हरियाणा में दबिस दी थी. स्थानीय पुलिस की मदद और AI तकनीक का इस्तेमाल करके पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई थी. इसके आधार पर अभिषेक सिंह ठाकुर, जयराम उर्फ जोगी ठाकुर, शुभांकित निलेशकुमार चतुर्वेदी और राजन सामी शर्मा को गिरफ्तार किया गया था. लेकिन पांचवा आरोपी 34 वर्षीय मुम्तकील गनीर अहमद पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था. उसे नागपुर से हजारों किलोमीटर दूर अंडमान-निकोबार में गिरफ्तार किया गया.
भरोसा करके बुरा फंस गया मुम्तकील
मुम्तकील अंडमान-निकोबार में व्यापारी है. वह हत्या के एक मामले में चेन्नइ जेल गया था. वहां राजन शर्मा म्युल अकाउंट के प्रकरण में जबकि अन्य आरोपी लूट के प्रकरण जेल गए थे. यहां सभी की दोस्ती हुई. जेल से आने के बाद मुम्तकील ने राजन शर्मा को 12 लाख रुपए कारोबार के उधार दिए थे. रुपए लौटाने के बहाने राजन शर्मा ने मुम्तकील को नागपुर बुलाया था. उसके बुलाने पर मुम्तकील नागपुर आया. इसी दौरान राजन शर्मा ने डकैती को अंजाम दिया. पकड़े जाने पर उसने अपने साथियों को मुम्तकील का नाम बताने को कहा. उन्हें बताया कि अंडमान-निकोबार में होने से पुलिस मुम्तकील को खोज नहीं पाएगी और वह आसानी से सच्चाई छूपा देंगे. इसके आधार पर ही राजन के साथियों ने मुम्तकील का नाम बताया. मुम्तकील के पकड़े जाने के बाद सच्चाई उजागर हुई. उसकी अवस्था 'दुबले पर आसाढ़' जैसी है. राजन पर भरोसा करके मुम्तकील बुरी तरह फंस गया है. जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ज्वेलर्स को बेचे गए सोने में से 165 ग्राम सोना और 70 ग्राम सोने की छोटी वस्तुएं भी बरामद की हैं. आरोपियों से अबतक 53.75 लाख का माल बरामद किया गया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।