सक्करदरा में पैसों के विवाद में युवक पर तलवार से वार, हाथ आगे कर बचाई जान
नागपुर के सक्करदरा थाना इलाके में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े में एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। दो आरोपियों ने युवक को पकड़ा और उनमें से एक ने तलवार से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। युवक ने बचने के लिए हाथ आगे कर लिया, जिससे वार सीधा गर्दन पर तो नहीं लगा, पर उसके बाएं हाथ के अंगूठे में गहरी चोट आ गई। बीच-बचाव होने पर दोनों आरोपी मौके से भाग निकले, हालांकि बाद में पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
मामला सिंधीबन कॉलोनी, बड़ा ताजबाग इलाके का है। घायल युवक की पहचान मोहम्मद शाकीर मोहम्मद इकबाल के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक शाकीर अपने उधार दिए पैसे वापस मांगने के लिए शिकायतकर्ता शेख सोहेल के पास गया था। उसी वक्त वहां कुछ लोगों के बीच पहले से कहासुनी चल रही थी। आरोपी सय्यद खानू उर्फ पटेल और सय्यद सरदार उर्फ यूनूस सय्यद खलील को गलतफहमी हो गई कि शाकीर झगड़ा करने के इरादे से वहां आया है।
इसी गलतफहमी में दोनों ने शाकीर को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी सरदार उर्फ यूनूस घर से तलवार लेकर आया और जान से मारने की धमकी देते हुए शाकीर की गर्दन पर वार कर दिया। जान बचाने के लिए शाकीर ने अपना हाथ आगे कर लिया, जिससे वार उसके बाएं हाथ के अंगूठे पर लगा और अंगूठा बुरी तरह जख्मी हो गया।
आरोपी दूसरा वार करते, इससे पहले ही शिकायतकर्ता शेख सोहेल ने बीच में पड़कर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घायल शाकीर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की शिकायत मिलने के बाद सक्करदरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास से जुड़ी धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सय्यद खानू उर्फ पटेल और सय्यद सरदार उर्फ यूनूस को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी सय्यद खानू उर्फ पटेल के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।