शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
PT24 खास खबर

80 करोड़ का हवाला रोज, लुटेरों की नजर इतवारी पर!

80 करोड़ का हवाला रोज, लुटेरों की नजर इतवारी पर!
एआई निर्मित चित्र
जुर्म PT24 टीम

दुर्ग पुलिस की कार्रवाई के बाद फिर सक्रिय हुए ऑपरेटर, कैश लूटने के लिए रेकी कर रहे अपराधी, हमेशा निशाने पर रहा है हवाला, पुलिस के लिए चुनौति

नागपुर.

दुर्ग पुलिस द्वारा चार करोड़ रुपये की हवाला नकदी पकड़े जाने के बाद कुछ दिनों तक सहमे रहे नागपुर के हवाला ऑपरेटर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं. दीपावली के मद्देनजर इतवारी के बाजार में कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है. सूत्रों के मुताबिक, शहर के व्यापारिक बाजार में हवाला नेटवर्क के जरिए रोजाना 70 से 80 करोड़ रुपये तक का लेनदेन हो रहा है. दूसरी ओर, हवाला की भारी नकदी की आवाजाही की भनक अपराधियों तक भी पहुंचने लगी है. ऐसे में इतवारी के बाजार में बड़ी लूट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

चार करोड़ पकड़े, फिर शुरू हुआ कारोबार

25 अक्टूबर को दुर्ग पुलिस ने नागपुर आ रही चार करोड़ रुपये की नकदी बरामद की थी। इस कार्रवाई में दो लोगों को हिरासत में लिया गया था. जांच के दौरान यह रकम नागपुर की पी. विजय नामक फर्म से संबंधित होने की जानकारी सामने आई थी. दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से नागपुर के हवाला कारोबारियों में हड़कंप मच गया था. कुछ समय के लिए कारोबार समेट लिया गया और नकदी की आवाजाही पर भी असर पड़ा. लेकिन, दीपावली के दौरान बढ़ते व्यापारिक लेनदेन और नकदी की मांग ने हवाला ऑपरेटरों को दोबारा सक्रिय होने के लिए मजबूर कर दिया. कुछ ही दिनों में कारोबार फिर पटरी पर लौट आया और अब नेटवर्क ने अपनी पुरानी रफ्तार पकड़ ली है.

दीपावली के कारोबार में कैश का बड़ा खेल

दीपावली नजदीक आने के साथ ही गारमेंट, ड्राईफ्रूट, किराना और सजावटी वस्तुओं के कारोबार में तेजी आई है. इतवारी समेत शहर के प्रमुख व्यापारिक इलाकों में बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री हो रही है. इस कारोबार में नकदी के जरिए होने वाले लेनदेन की मात्रा भी बढ़ गई है.

सूत्रों का दावा है कि देश के विभिन्न शहरों से नागपुर के बाजार में रोजाना 70 से 80 करोड़ रुपये तक की रकम हवाला नेटवर्क के जरिए पहुंचाई और ट्रांसफर की जा रही है. इस पूरे कारोबार में कई बड़े ऑपरेटरों की भूमिका बताई जा रही है. हवाला कारोबार से जुड़े कई ऑपरेटर लकड़गंज, तहसील और कोतवाली थाना क्षेत्रों के आसपास से कुरियर सर्विस की आड़ में अपना काम संचालित करते हैं. सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क में आर. क्रांति, वीरम, पी. विजय, पी. उमेश, एच. रमेश, लाला, नरेश आर, डी नटवर, एस.पी, आशीष हजारी पहाड़, ठक्कर रेशम ओली, गुरनानी बंधु सहित कई नामों की चर्चा है. बताया जाता है कि इन बड़े ऑपरेटर्स के माध्यम से ही 40 से 50 करोड़ का व्यवहार हो रहा है. दुर्ग पुलिस की कार्रवाई के बाद ऑपरेटर नकदी की डिलीवरी को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं. नकदी पहुंचाने के लिए दोपहिया वाहनों के अलावा ऑटो और ई-रिक्शा का इस्तेमाल किया जा रहा है. उनके कर्मचारी पुलिस और अपराधियों को चकमा देने के लिए डिलीवरी ब्वॉय की वेशषभुषा में घूम रहे है.

हवाला की रकम पर पहले भी पड़ चुका है डाका

नागपुर में हवाला की नकदी लूटे जाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. करीब आठ महीने पहले जरीपटका क्षेत्र में एक हवाला ऑपरेटर को गोली मारकर लूटने की वारदात हुई थी. इससे पहले वर्ष 2023 में लकड़गंज थाना क्षेत्र में हवाला ऑपरेटर के एक कर्मचारी ने ही टिप देकर दो करोड़ रुपये की लूट को अंजाम दिया था. अपराध शाखा ने इस मामले में गुजरात के अरविंद पटेल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था. अरविंद पटेल सालों से हवाला की नकदी को ही लूट रहा था. वह पहले भी पकड़ा गया था. उसे मिजोरम से पड़ा गया था. उसे लूट की राशि में से 80 लाख रुपये मिले थे. नागपुर पुलिस उससे एक रुपये भी बरामद नहीं कर पाई थी. उसके तीन साथियों से करीब 40 लाख रुपये की बरामदगी हुई थी. इस राशि पर भी हवाला आपरेटर ने दावा नहीं किया था. बाद में अरविंद और उसके तीन साथी जमानत पर रिहा हो गए थे.

अपराधियों की नजर में हवाला ऑपरेटर?

सूत्रों के अनुसार, हवाला कारोबार की गतिविधियों की जानकारी रखने वाले कुछ अपराधी इतवारी के बाजार में अपने गुर्गों के जरिए ऑपरेटरों की गतिविधियों की टोह ले रहे हैं. वह बड़ा हाथ मारने के लिए अनाज बाजार के भुतड़ा चेंबर और इतवारी की तंग गलियों के चक्कर काट रहे है. दीपावली के कारण इतवारी और आसपास के बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है. पुलिस का ध्यान ट्रैफिक कंट्रोल पर है. अपराधियों की सक्रियता से वह वाकीफ नहीं है. ऐसे में बड़ी वारदात होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे