शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नशे, ऑनलाइन सट्टे और हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल का जुनून!

नशे, ऑनलाइन सट्टे और हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल का जुनून!
एआई निर्मित चित्र
जुर्म PT24 टीम

शौक की खातिर चोर बने युवक, क्राइम ब्रांच ने दबोचा, 6.71 लाख रुपये का माल बरामद

नागपुर.

नशे का जुनून, ऑनलाइन सट्टे का चस्का और हाईप्रोफाइल जिंदगी जीने का सपना... जब ये शौक सिर चढ़कर बोलने लगे तो दो युवकों ने कमाई का आसान रास्ता तलाशना शुरू कर दिया. परिवार की आर्थिक स्थिति उनके महंगे शौक पूरे करने के लिए काफी नहीं थी, लिहाजा दोनों ने अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। गर्लफ्रेंड के साथ घूमना, महंगे शौक पूरे करना और ऐशोआराम की जिंदगी जीने के लिए उन्होंने चोरी को अपना जरिया बना लिया. शहर के सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए नागपुर के आउटर इलाकों को निशाना बनाया और बूटीबोरी में एक के बाद एक छह चोरियों को अंजाम दे डाला. क्राइम ब्रांच के यूनिट एक ने दोनों को आरोपियों में लेकर 6.71 लाख रुपये का माल बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय तन्मय गणवीर निवासी बहादुरा फाटा, उमरेड रोड और हर्षल चणेकर निवासी भिवापुर के रूप में हुई है.

दो साल पहले हुई पहचान, फिर अपराध में बनी जोड़ी

तन्मय इवेंट से जुड़ा काम करता है, जबकि हर्षल बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है. हर्षल नागपुर में किराए के मकान में रहता है. दोनों की पहचान दो साल पहले हुई थी. दोस्ती होने के बाद दोनों ने हुड़केश्वर थाना क्षेत्र में मिलकर चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, इस वारदात में ज्यादा माल हाथ नहीं लगा, लेकिन पुलिस के हाथ नहीं आने से दोनों के हौसले बढ़ गए. इसके बाद उन्होंने चोरी को ही कमाई का जरिया बना लिया. नागपुर शहर में जगह-जगह लगे CCTV कैमरों और पुलिस की निगरानी से बचने के लिए दोनों ने अपनी रणनीति बदली. उन्होंने शहर के बजाय आउटर इलाकों को निशाना बनाना शुरू किया. इसी कड़ी में बूटीबोरी परिसर उनके लिए चोरी का नया ठिकाना बन गया. यहां दोनों ने एक के बाद एक छह चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. लगातार वारदातों के बावजूद वे पुलिस की पकड़ से दूर रहे और अपने मंसूबों को अंजाम देते रहे.

बिना नंबर प्लेट की गाड़ी ने खोल दी पोल

दोनों की चालाकी आखिरकार उस समय धरी रह गई, जब तन्मय बजाज नगर परिसर में बिना नंबर प्लेट की दोपहिया गाड़ी पर घूमते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट एक के हत्थे चढ़ गया. पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं. इसके बाद जब उससे पूछताछ की गई तो चोरी की कई वारदातों की परतें खुलने लगीं. पूछताछ के दौरान तन्मय ने अपने साथी हर्षल के साथ मिलकर बूटीबोरी में छह चोरियां करने की बात कबूल की. इसके बाद पुलिस ने हर्षल को भी गिरफ्तार कर लिया. दोनों के कब्जे से करीब 6.71 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया.

एमडी ड्रग्स और सट्टे की लत ने बिगाड़ी राह

पुलिस जांच में चोरी के पीछे की वजह भी सामने आई. पुलिस के मुताबिक, तन्मय को एमडी ड्रग्स के सेवन और ऑनलाइन सट्टा खेलने की लत थी. वहीं हर्षल को हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल जीने का शौक था. दोनों की गर्लफ्रेंड है. उन्हें गर्लफ्रैंड के साथ अलग-अलग जगहों पर घूमना-फिरना पसंद है. महंगे शौक, घूमने-फिरने और ऐशोआराम की जिंदगी के खर्च परिवार की आर्थिक स्थिति के अनुसार पूरे करना मुश्किल हो रहा था. ऐसे में दोनों ने मेहनत से कमाई करने के बजाय चोरी का रास्ता चुन लिया. अपने शौक पूरे करने के चक्कर में वे अपराध की राह पर आगे बढ़ते चले गए. फिलहाल क्राइम ब्रांच यूनिट एक ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए बूटीबोरी पुलिस के हवाले कर दिया है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे