फडणवीस का राहुल गांधी पर तंज: पार्टी छोड़कर स्टैंडअप कॉमेडियन बन जाएं
मोदी की मिमिक्री वाले वीडियो पर सियासी बवाल, मुख्यमंत्री फडणवीस ने नागपुर में राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरा
मध्य प्रदेश में हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में एक तरुण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री कर दी, और इसी बात पर अब पूरा सियासी माहौल गरम हो गया है। इस वीडियो के सामने आते ही बीजेपी के नेताओं ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। अब इस मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी कूद पड़े हैं और उन्होंने राहुल गांधी को सीधे टारगेट किया है।
नागपुर में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए फडणवीस ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, "मुझे लगता है कि अब उनके पास यही काम बचा है। उन्हें अब पार्टी छोड़कर स्टैंडअप कॉमेडियन का काम करना चाहिए। ऐसा करने पर उन्हें अच्छा रोजगार मिल जाएगा।" इतना ही नहीं, फडणवीस ने इसी दौरान कांग्रेस पार्टी पर भी हमला बोला और कहा, "यहां तो उन्होंने अपनी पूरी पार्टी को ही बेरोजगार करके रख दिया है।" राहुल गांधी पर की गई इस टिप्पणी के अलावा फडणवीस ने नागपुर के इसी कार्यक्रम में एक सोलर मॉड्यूल बनाने वाली फैक्ट्री का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस फैक्ट्री में अत्याधुनिक तकनीक से सोलर मॉड्यूल तैयार हो रहे हैं और सोलर सेक्टर में चीन को टक्कर देने की दिशा में काम चल रहा है। फडणवीस के मुताबिक 2024 में इस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन हुआ था और अभी इस फैक्ट्री में करीब 5 हजार मजदूर काम कर रहे हैं। उन्होंने इसे बदलते महाराष्ट्र और विदर्भ-नागपुर के औद्योगिक विकास की एक मिसाल बताया।
बुटीबोरी में जमीन की मांग लगातार बढ़ रही है, यह बताते हुए फडणवीस ने नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की जानकारी भी दी। उनके मुताबिक महिंद्रा कंपनी को करीब एक हजार एकड़ जमीन दी गई है और अगले दो-तीन महीनों में वहां काम शुरू करने की तैयारी है। इसके अलावा सावनेर इलाके में करीब 5 हजार एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया भी चल रही है, जिससे बड़े स्तर पर निवेश और रोजगार के मौके पैदा होंगे, ऐसा दावा फडणवीस ने किया।
लेकिन इन सारी बातों के बीच राहुल गांधी को लेकर फडणवीस की टिप्पणी ही सबसे ज्यादा चर्चा में है। मोदी की मिमिक्री से शुरू हुआ यह विवाद अब महाराष्ट्र की राजनीति तक पहुंच गया है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।