कार का कांच फोड़कर 1.32 लाख का माल पार
सीए रोड पर रोकड़े बंधु कपड़ा दुकान के पास वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही तहसील पुलिस
नागपुर के व्यस्त सीए रोड पर चोर ने दिनदहाड़े ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि खरीदारी कर लौटे डॉक्टर के होश उड़ गए! शादी के कपड़े खरीदने के लिए कार खड़ी कर दुकान में गए डॉक्टर को क्या पता था कि चंद मिनटों में उनकी कार चोरों के निशाने पर आ जाएगी। अज्ञात आरोपी ने कार का कांच फोड़ा और एक लाख रुपये नकद, टैबलेट समेत करीब 1 लाख 32 हजार रुपये का माल लेकर फरार हो गया। अब तहसील पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी है।
नागपुर. दीपावली करीब आते ही चोरों ने अब व्यस्त बाजार में खड़ी कारों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला तहसील थाना क्षेत्र के सीए रोड का है, जहां रोकड़े बंधु कपड़ा दुकान के पास रविवार दोपहर चोरी की वारदात सामने आई. चंद्रपुर जिले के बल्लारशाह निवासी पराग शेंडे पेशे से डॉक्टर हैं। वे शादी के कपड़े खरीदने अपनी कार से नागपुर पहुंचे थे। उन्होंने रोकड़े बंधु कपड़ा दुकान के पास कार खड़ी की और खरीदारी करने के लिए दुकान के अंदर चले गए।
इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने मौके का फायदा उठाया। कार का कांच फोड़कर भीतर रखा काले रंग का बैग, उसमें मौजूद एक लाख रुपये नकद, पर्स में रखे सात हजार रुपये, बैंक के डेबिट कार्ड और रेडमी कंपनी का टैबलेट चुरा लिया। जब डॉक्टर खरीदारी कर वापस लौटे, तो कार का टूटा कांच देखकर उनके होश उड़ गए। कार के भीतर रखा कीमती सामान गायब था।
चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी नकदी और कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा।
घटना की शिकायत के बाद तहसील पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अब पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों में कैद संदिग्ध की गतिविधियों से आरोपी तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।