गुवाहाटी में पत्नी की हत्या, फ्रिज में मिला कटा सिर, आरोपी बोला- माफी नहीं मांगूंगा
पति ने कथित तौर पर पत्नी का मुंडका काटकर फ्रिज में रखा, पुलिस के सामने बिना किसी पछतावे के दिया बयान
असम की राजधानी गुवाहाटी के बेलतोला इलाके से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है, जहां 24 साल की रिया तालुकदार गोस्वामी की उसके ही पति ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश भी की गई थी, और पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो बातें कहीं उनसे पुलिस भी हैरान रह गई। इस मामले में आरोपी रामानुज गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रिया और रामानुज की शादी पिछले साल 22 सितंबर को हुई थी। पिछले छह महीने से दोनों गुवाहाटी के बेलतोला इलाके की बसिष्ठापुर बाय-लेन नंबर 4 में एक फ्लैट में रह रहे थे। रामानुज पेशे से कैब चालक है।
पुलिस के मुताबिक रामानुज को शक था कि उसकी पत्नी के किसी और के साथ अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर 3 सितंबर को दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ, जो अगले दिन सुबह तक चलता रहा। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर रामानुज ने धारदार हथियार से रिया की हत्या कर दी। दो दिन तक रिया का उसके परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाया, जिसके बाद परिवार वालों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रात करीब 9:45 बजे हातीगांव पुलिस स्टेशन की टीम फ्लैट पर पहुंची। दरवाजा खुला हुआ था, और अंदर जाने पर पुलिस को खून से लथपथ रिया का शव मिला।
जांच में सामने आया कि रिया का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था। कटे हुए सिर को काले प्लास्टिक की थैली में लपेटकर फ्रिज में रखा गया था। जांच में यह भी पता चला कि उसकी उंगलियां भी काटी गई थीं। मौके से हत्या में इस्तेमाल हुआ 'दाओ' नाम का धारदार हथियार पुलिस ने जब्त कर लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने शव को कुत्ते को खिलाने की योजना बनाई थी, हालांकि शव के हिस्से कुत्ते को खिलाए जाने की बात की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। डीसीपी तब्बू राम पेगू ने बताया कि इन सभी पहलुओं की जांच जारी है।
पूछताछ में यह भी पता चला कि रामानुज नशे का आदी है और वह 20 से ज्यादा बार नशामुक्ति केंद्र में भर्ती हो चुका है। मेडिकल जांच में यह भी सामने आया कि वह एचआईवी और हेपेटाइटिस सी से संक्रमित है।
हत्या के बाद रामानुज खुद पुलिस के सामने पेश हुआ था। पूछताछ के दौरान उसने कहा कि उसे अपने किए का कोई पछतावा नहीं है। पुलिस के मुताबिक उसने यह धमकी भी दी कि जेल से बाहर आने के बाद वह पत्नी से जुड़े एक शख्स को निशाना बनाएगा। फिलहाल स्थानीय अदालत ने रामानुज को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। सीआईडी, फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, आरोपी के मकसद और बाकी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।