अमेरिका ने 23 देशों के लिए जारी की लेवल 4 एडवाइजरी, नागरिकों से वहां न जाने को कहा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
अमेरिकी विदेश विभाग ने 23 देशों को सबसे गंभीर लेवल 4 (यात्रा न करें) श्रेणी में रखा है। सूची में रूस और यूक्रेन भी हैं। जान और सुरक्षा के गंभीर खतरे की बात कही गई है।
अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए एक गंभीर यात्रा एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि किन देशों में जाने से बचना चाहिए। सूची में कुल 23 देश शामिल हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने इन सभी को सबसे गंभीर श्रेणी, यानी लेवल 4 (यात्रा न करें), में रखा है। इसका मतलब यह है कि इन देशों में सफर करने वालों की जान और सुरक्षा को गंभीर खतरा है।
एडवाइजरी के मुताबिक इन देशों में युद्ध, आतंकवाद, अपहरण, हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता जैसी समस्याएं हैं। ऐसे हालात में विदेशी नागरिकों के लिए वहां सुरक्षित रहना मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा आपात स्थिति में अमेरिकी सरकार के लिए भी अपने नागरिकों की मदद करना कठिन हो जाता है।
लेवल 4 की सूची में ये 23 देश हैं: अफगानिस्तान, बेलारूस, बुर्किना फासो, म्यांमार (बर्मा), मध्य अफ्रीकी गणराज्य, चाड, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ द कांगो, हैती, ईरान, इराक, लेबनान, लीबिया, माली, नाइजर, उत्तर कोरिया, रूस, सोमालिया, दक्षिण सूडान, सूडान, सीरिया, युगांडा, यूक्रेन और यमन।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय अलग-अलग देशों में सुरक्षा हालात के हिसाब से यात्रा एडवाइजरी जारी करता है। लेवल 4 इनमें सबसे गंभीर स्तर है। यह तब जारी किया जाता है, जब किसी देश में युद्ध, आतंकी हमले, अपहरण, हिंसक घटनाओं या आम अशांति का ऊंचा खतरा हो। इस स्तर पर अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे इन देशों की यात्रा न करें। जो लोग पहले से इन देशों में मौजूद हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया जाता है कि सुरक्षित मौका मिलते ही देश छोड़ने पर विचार करें।
अमेरिका ने यह भी साफ किया है कि सभी देशों के लिए ये एडवाइजरी एक ही समय पर जारी नहीं की गईं। हर देश के सुरक्षा हालात के हिसाब से इनकी समय-समय पर समीक्षा होती है और इन्हें अपडेट किया जाता है। इसलिए विदेश यात्रा की योजना बनाने वालों को सलाह दी गई है कि टिकट बुक करने से पहले संबंधित देश की ताजा सुरक्षा जानकारी देख लें। यात्रा एडवाइजरी अमेरिकी विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।