गुरूवार, 17 सितमबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
00:54 IST

सयानी गुप्ता अमेरिकन फिल्म 'आर्या' में रॉस बटलर के साथ नजर आएंगी

'आसमानी' की कामयाबी के बाद अभिनेत्री सयानी गुप्ता अब अमेरिकन फीचर फिल्म 'आर्या' से हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं।

सयानी गुप्ता अमेरिकन फिल्म 'आर्या' में रॉस बटलर के साथ नजर आएंगी
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

अभिनेत्री सयानी गुप्ता के लिए ये साल कई नए प्रोजेक्ट्स लेकर आया है। एक तरफ उनकी डायरेक्टोरियल डेब्यू शॉर्ट फिल्म 'आसमानी' को दुनियाभर में तारीफ मिल रही है, वहीं दूसरी तरफ सयानी के इंटरनेशनल करियर में एक और बड़ा मुकाम जुड़ गया है। सयानी अब अमेरिकन फीचर फिल्म 'आर्या' में लीड रोल निभाने जा रही हैं। खास बात ये है कि इस फिल्म में 'रिवरडेल' और '13 Reasons Why' से मशहूर हुए रॉस बटलर और 'ब्रुकलिन नाइन-नाइन' फेम मार्क इवान जैक्सन भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

नील तुली की लिखी और डायरेक्ट की गई 'आर्या' में सयानी एक जानी-मानी भारतीय म्यूजिक इंस्टीट्यूट की सख्त पियानो टीचर का रोल निभा रही हैं। इस फिल्म में रॉस बटलर और मार्क इवान जैक्सन के अलावा अर्जुन गुप्ता, आदी रॉय, कायरा लेरॉक्स और इकबाल थेबा भी कास्ट में शामिल हैं। इस फिल्म से सयानी किसी अमेरिकन इंडिपेंडेंट फीचर फिल्म में लीड एक्ट्रेस के तौर पर डेब्यू कर रही हैं।

फिल्म की कहानी की बात करें तो सयानी का किरदार एक काम के सिलसिले में मन मारकर उत्तर मिनेसोटा जाता है, जहां उसे एक मुश्किल में फंसे बैंड प्रोग्राम को संभालने की जिम्मेदारी मिलती है। इसी दौरान उसके सामने भारत में अपने करियर की महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने की चुनौती भी बनी रहती है। लेकिन उत्तर मिनेसोटा पहुंचने के बाद हालात कुछ और ही मोड़ ले लेते हैं। कुछ गड़बड़ियों के बाद उसे अपनी निजी असुरक्षाओं से भी जूझना पड़ता है। यानी 'आर्या' सिर्फ एक म्यूजिक टीचर की कहानी नहीं रह जाती, बल्कि उसके पर्सनल और प्रोफेशनल सफर की कहानी बन जाती है।

'आर्या' में लीड रोल के साथ-साथ सयानी इस फिल्म की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। खास बात ये है कि रॉस बटलर भी इस फिल्म से एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं। नील तुली ने इस फिल्म को लिखा और डायरेक्ट किया है, और 'आर्या' उनकी फीचर फिल्म में बतौर डायरेक्टर पहली प्रोजेक्ट है।

सयानी गुप्ता ने एक्टिंग के अलावा डायरेक्शन और प्रोडक्शन के फील्ड में भी कदम रखा है। उन्होंने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू शॉर्ट फिल्म 'आसमानी' को खुद लिखा और प्रोड्यूस भी किया है। इस शॉर्ट फिल्म को दुनियाभर के कई फिल्म फेस्टिवल्स में तारीफ मिल रही है। वॉशिंगटन डीसी से लेकर टोक्यो और केरल तक 'आसमानी' का फेस्टिवल सफर जारी है, और अब इसी बीच सयानी 'आर्या' के जरिए अमेरिकन फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री कर रही हैं। एक्टिंग के साथ-साथ डायरेक्शन और प्रोडक्शन जैसे अलग-अलग फील्ड में काम करते हुए सयानी गुप्ता इंटरनेशनल लेवल पर अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे