साहिल वाकोडे मौत केस: दोस्त के साथ आखिरी फोन कॉल में क्या बात हुई, बड़ा अपडेट
IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच तेज, आखिरी फोन कॉल का ब्योरा सामने आया।
IIT बॉम्बे के स्टूडेंट साहिल वाकोडे की मौत के केस की जांच अब तेज हो गई है। जांच एजेंसियां साहिल की मौत से पहले के आखिरी कुछ घंटों में वो किन लोगों के संपर्क में था और उसने क्या किया, इसकी पूरी डिटेल खंगाल रही हैं। इसी बीच सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि साहिल की एक दोस्त के साथ आखिरी फोन पर क्या बातचीत हुई थी।
सूत्रों के मुताबिक साहिल ने मौत से पहले दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी एक महिला दोस्त से फोन पर बात की थी। बताया जा रहा है कि इस बातचीत में उसने एग्जाम और अपने साथ हुई घटना को लेकर परेशानी जाहिर की थी। हालांकि इस कॉल में जाति को लेकर कोई टिप्पणी या घटना से जुड़ा कोई सीधा जिक्र सामने नहीं आया है।
सूत्रों के अनुसार साहिल ने फोन पर अपनी दोस्त से कहा, "मुझसे गलती हो गई। मेरा थर्मोडायनामिक्स का पेपर भी अच्छा नहीं गया और अब यह हो गया।" इसके बाद उस दोस्त ने साहिल को शांत रहने और धैर्य रखने की सलाह दी, साथ ही अगले पेपर की तैयारी पर ध्यान देने को कहा। जांच अधिकारियों ने इस दोस्त का बयान दर्ज कर लिया है। उसके मुताबिक यह साहिल के साथ आखिरी बातचीत थी, इसके बाद साहिल ने उसके फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। दोस्त ने यह भी साफ किया कि इस बातचीत में साहिल ने जाति से जुड़ी कोई टिप्पणी या कथित घटना का जिक्र नहीं किया।
साहिल की मौत के बाद शुरुआत में पवई पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हुआ था, जिसे बाद में मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया। यह मामला DCB CID CR No. 124/2026 के तहत दर्ज है। क्राइम ब्रांच फिलहाल CCTV फुटेज, डिजिटल सबूत और संबंधित लोगों के बयानों की जांच कर रही है।
मुंबई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी न फैलाई जाए और जल्दबाजी में किसी नतीजे पर न पहुंचा जाए। पुलिस ने कहा कि निष्पक्ष और गहन जांच कर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
मंगलवार को साहिल के पिता ने FIR में नाम आए 2 आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की, हालांकि उन्होंने कहा कि परिवार को सिर्फ निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए। परिवार की तरफ से लगाए गए आरोपों की अलग से जांच चल रही है, इसलिए जांच पूरी होने तक इन्हें अंतिम सच नहीं माना जा सकता।
इस मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डुल्ला का नाम सामने आने के बाद IIT बॉम्बे ने जांच के दौरान उन्हें छुट्टी पर भेज दिया है। इससे पहले उन्हें डीन ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स के पद से हटाया जा चुका था। डुल्ला के खिलाफ साहिल को आत्महत्या के लिए उकसाने और जातीय भेदभाव के आरोप में केस दर्ज किया गया है, यह आरोप अभी जांच के दायरे में हैं और इन पर कोई अंतिम नतीजा सामने नहीं आया है।
साहिल की मौत के बाद IIT बॉम्बे के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने 10 सदस्यों की एक हाई लेवल कमेटी बनाई है, जिसमें प्रोफेसर, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र और मानसोपचार विशेषज्ञ शामिल हैं। इस कमेटी को 1 हफ्ते के अंदर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। कमेटी की अध्यक्षता IIT पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटेश्वरन कर रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच साहिल की मौत से पहले की पूरी घटनाओं की कड़ी जोड़ने की कोशिश में जुटी है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।