मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
19:49 IST

साहिल वाकोडे सुसाइड केस: परीक्षा हॉल का 54 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आया

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के बाद परीक्षा हॉल का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें उस दिन का पूरा घटनाक्रम दिख रहा है।

साहिल वाकोडे सुसाइड केस: परीक्षा हॉल का 54 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आया
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना के बाद कई संगठनों की तरफ से आंदोलन चलाए जा रहे हैं। अब इस चर्चित मामले में एक बहुत अहम और नया सबूत सामने आया है। घटना वाले दिन परीक्षा हॉल का 54 सेकंड का CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। इस फुटेज से परीक्षा के दौरान क्या-क्या हुआ था, इसकी पूरी टाइमलाइन साफ हो रही है। इस फुटेज की वजह से अब जांच को नया मोड़ मिलने की उम्मीद है।

सामने आए फुटेज में साहिल काले रंग की टी-शर्ट पहने पहली बेंच पर बैठा दिख रहा है। परीक्षा चल रही थी, तभी ड्यूटी पर मौजूद प्रोफेसर उसके पास आते हैं। आरोप है कि साहिल मोबाइल के जरिए चैटजीपीटी (ChatGPT) पर सवाल अपलोड करके जवाब निकालने की कोशिश कर रहा था। यह भी आरोप है कि प्रोफेसर ने उसे मोबाइल इस्तेमाल करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

फुटेज में साहिल और प्रोफेसर के बीच कुछ देर बातचीत होती दिख रही है। इसके बाद साहिल अपना मोबाइल प्रोफेसर के हवाले कर देता है और अपनी बेंच से उठकर बाहर चला जाता है। लेकिन इस पूरी घटना के कुछ ही घंटों बाद साहिल ने पवई स्थित अपने हॉस्टल के कमरे में यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

इस दुखद घटना के बाद संस्था प्रशासन और साहिल के परिवार के बयानों में साफ विरोधाभास दिख रहा है। संस्था प्रशासन का कहना है कि साहिल को सिर्फ परीक्षा में मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर नियम समझाए गए थे और सामान्य तरीके से चेतावनी दी गई थी।

वहीं साहिल के परिवार और आंदोलन कर रहे छात्रों का आरोप है कि परीक्षा हॉल से बाहर ले जाने के बाद साहिल को गंभीर मानसिक प्रताड़ना, बेइज्जती और जातिगत भेदभाव झेलना पड़ा। परिवार का कहना है कि इसी तीव्र मानसिक तनाव की वजह से उसने यह कदम उठाया।

इस गंभीर शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने संबंधित प्रोफेसर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एट्रॉसिटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आत्महत्या से पहले साहिल ने अपनी एक महिला दोस्त से फोन पर बात की थी। इस कॉल में उसने कबूल किया था, "मुझसे गलती हो गई और मेरा पेपर भी अच्छा नहीं गया।" इस बातचीत में उसने किसी जातिगत प्रताड़ना का जिक्र नहीं किया था। लेकिन दोस्त की मौत की खबर सुनकर उस महिला दोस्त को गहरा सदमा लगा और उसे पैनिक अटैक आ गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

फिलहाल यह CCTV फुटेज जांच एजेंसियों के लिए इस मामले में एक अहम कड़ी साबित हो रहा है और पुलिस हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है।

अभी कोई अपडेट नहीं

खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे