फ्रीलँडर 8 SUV की लॉन्चिंग से पहले धमाल, 12 घंटे में 5000 बुकिंग, 19 सितंबर से डिलीवरी
चेरी जगुआर लैंड रोवर की नई SUV फ्रीलैंडर 8 को लॉन्च होते ही जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है।
प्रीमियम और लक्जरी गाड़ियों के लिए जानी जाने वाली कंपनी चेरी जगुआर लैंड रोवर (Chery Jaguar Land Rover) ने अपनी नई और लंबे समय से इंतजार की जा रही SUV फ्रीलैंडर 8 (Freelander 8) मार्केट में उतार दी है। इस गाड़ी की लॉन्चिंग ने ऑटो इंडस्ट्री में जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है और ग्राहकों का रिस्पॉन्स भी शानदार मिल रहा है।
3 सितंबर को ऑफिशियली लॉन्च हुई यह SUV कुछ ही घंटों में पॉपुलैरिटी के शिखर पर पहुंच गई। मार्केट में आते ही इस गाड़ी ने ऐसा धमाल मचाया कि लॉन्च के महज 12 घंटे के अंदर इसे 5000 से ज्यादा ऑर्डर मिल गए। चीन में इसकी ऑफिशियल डिलीवरी आने वाली 19 सितंबर से शुरू होगी। इस शानदार SUV की कीमत करीब 2,89,900 से 3,79,900 युआन (अनुमानित 42,600 से 55,900 अमेरिकी डॉलर) के बीच रखी गई है।
फ्रीलैंडर 8 का डिजाइन ब्रांड के सिग्नेचर स्क्वायर बॉक्स लुक पर आधारित है और यह 'कॉन्सेप्ट 97' से इंस्पायर्ड है। गाड़ी के फ्रंट में क्लोज्ड-ऑफ डिजाइन के साथ रेक्टेंगुलर हेडलाइट्स दी गई हैं। इस SUV की लंबाई 5118 मिमी, चौड़ाई 2050 मिमी और ऊंचाई 1898 मिमी है, जबकि इसका व्हीलबेस 3040 मिमी लंबा है।
इंटीरियर की बात करें तो केबिन को बेहद मॉडर्न और लग्जरी रखा गया है, जिसमें 46.3 इंच का बड़ा पैनोरामिक डिस्प्ले और 15.6 इंच की एलईडी सेंट्रल कंट्रोल स्क्रीन मिलती है। पैसेंजर्स के आराम के लिए ड्यूल जीरो-ग्रेविटी सीट्स, फोल्डिंग टेबल और ऑनबोर्ड रेफ्रिजरेटर जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
टेक्नोलॉजी के मामले में यह SUV काफी एडवांस है। इसमें रूफ-माउंटेड LiDAR सेंसर दिया गया है और यह हुआवे कियानकुन एडीएस 5.0 (Huawei Qiankun ADS 5.0) इंटेलिजेंट ड्राइविंग सिस्टम से लैस है। इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8397 चिप का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही हुआवे के सहयोग से डेवलप किया गया i-ATS इंटेलिजेंट ऑल-टेरेन सिस्टम 20 अलग-अलग टेरेन मोड्स को सपोर्ट करता है।
फ्रीलैंडर 8 में 60.3 किलोवाट-घंटा क्षमता का CATL Freevoy बैटरी पैक लगा है। इसका 1.5 लीटर टर्बोचार्ज्ड 4 सिलेंडर पेट्रोल इंजन रेंज एक्सटेंडर के तौर पर काम करता है, जबकि दो इलेक्ट्रिक मोटर्स 818 बीएचपी और 813 एनएम टॉर्क जनरेट करती हैं। सिर्फ पिछली इलेक्ट्रिक मोटर 335 बीएचपी तक पावर पैदा करती है और यह टू-स्पीड ट्रांसमिशन से जुड़ी हुई है।
चेरी-जेएलआर का दावा है कि इस SUV की इलेक्ट्रिक रेंज 310 किमी (सीएलटीसी) तक है। इसमें 800 वोल्ट का इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर है जो 6सी चार्जिंग को सपोर्ट करता है। कंपनी का दावा है कि फास्ट चार्जर के इस्तेमाल से बैटरी 20 फीसदी से 80 फीसदी तक चार्ज होने में सिर्फ 12 मिनट लगते हैं।