महिंद्रा की नई कॉम्पैक्ट SUV Vision S में मिलेगा ADAS और सनरूफ, कीमत 10 लाख से कम रहने का अनुमान
महिंद्रा की आने वाली Vision S कॉम्पैक्ट SUV टेस्टिंग के दौरान फिर सड़क पर दिखी है, स्पाय शॉट्स से इसके प्रोडक्शन-रेडी डिजाइन की काफी जानकारी सामने आई है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भारत के ऑटोमोबाइल मार्केट में SUV का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है, और इसी बीच महिंद्रा एंड महिंद्रा अपनी आने वाली कॉम्पैक्ट SUV Mahindra Vision S की वजह से एक बार फिर चर्चा में आ गई है। यह गाड़ी हाल ही में हेवी कैमोफ्लॉज के साथ टेस्टिंग के दौरान रोड पर दौड़ते हुए दिखी। ताजा स्पाय शॉट्स से इसके प्रोडक्शन-रेडी डिजाइन की काफी सारी डिटेल्स सामने आई हैं। कंपनी की लाइनअप में यह SUV XUV 3XO और स्कॉर्पियो के बीच पोजिशन की जा सकती है।
मिली जानकारी के मुताबिक यह गाड़ी 'फ्रीडम-एनयू' मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी और इसमें पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन को सपोर्ट मिलेगा। टेस्टिंग के दौरान गाड़ी में AdBlue फिलर कैप साफ नजर आई है, जिससे डीजल पावरट्रेन की पुष्टि हो गई है।
बॉक्सी शेप, सीधा बोनट और चौकोन एलईडी हेडलैंप की वजह से यह SUV एक 'मिनी डिफेंडर' या 'बेबी स्कॉर्पियो' जैसा रग्ड लुक देती है। कॉन्सेप्ट के हिसाब से इसमें 277 मिमी ग्राउंड क्लियरेंस और 2665 मिमी व्हीलबेस मिलने की उम्मीद है। पीछे के दरवाजे पर माउंट किया गया फुल-साइज स्पेयर व्हील इसके ऑफ-रोड कैरेक्टर को और उभारता है।
इंजन ऑप्शन की बात करें तो इसमें 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो करीब 16 से 18 किमी प्रति लीटर का माइलेज दे सकता है। इसके अलावा 1.5 लीटर डीजल इंजन मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ऑप्शन के साथ आएगा, जिसका माइलेज करीब 20 से 22 किमी प्रति लीटर रहने की उम्मीद है। आगे चलकर इसमें हाइब्रिड और ईवी वेरिएंट भी जोड़े जा सकते हैं।
केबिन में ड्यूल डिजिटल स्क्रीन, प्रोट्रूडिंग एसी वेंट्स, पैनोरमिक सनरूफ, थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और फ्लैट फ्लोर के साथ 60:40 स्प्लिट रियर सीट्स मिलने की संभावना है। सेफ्टी के लिए लेवल 2 ADAS, मल्टिपल एयरबैग्स, 360 डिग्री कैमरा और मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर दिया जा सकता है।
महिंद्रा इस सीरीज को 2027 में लॉन्च कर सकती है। बेस वेरिएंट की शुरुआती कीमत 10 लाख रुपये के अंदर रहने की उम्मीद है, जबकि टॉप-स्पेक वेरिएंट की कीमत 17 से 22 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जा सकती है।