टोयोटा ने अपडेट की इनोवा हायक्रॉस, 12.3 इंच की बड़ी स्क्रीन के साथ नए फीचर
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
टोयोटा ने इनोवा हायक्रॉस को इंडोनेशिया में अपडेट किया है और भारत में इसके 26 नवंबर को आने की चर्चा है।
टोयोटा ने अपनी पॉपुलर एमपीवी इनोवा हायक्रॉस को अपडेट कर दिया है। इंडोनेशिया में यही गाड़ी 'इनोवा जेनिक्स' के नाम से जानी जाती है। वहां लॉन्च के बाद अब उम्मीद है कि यह कार जल्दी ही नए और आकर्षक बदलावों के साथ भारतीय बाजार में भी आएगी। कहा जा रहा है कि इस अपडेट से कार में सफर का अनुभव ज्यादा मॉडर्न और आरामदेह हो जाएगा।
सबसे बड़े बदलाव केबिन के अंदर किए गए हैं। हाइब्रिड वेरिएंट में अब 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3 इंच की बड़ी टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। कुछ वेरिएंट में 10 इंच की स्क्रीन भी मिल रही है। यह स्क्रीन इन-कार वाई-फाई हॉटस्पॉट, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और एनएफसी ई-टोल जैसे मॉडर्न फीचर को सपोर्ट करती है।
हालांकि कुछ पुराने फीचर इस अपडेट में हटा दिए गए हैं। रियर सीट एंटरटेनमेंट और वायरलेस चार्जर अब नहीं मिलेंगे।
टॉप मॉडल 'क्यू हाइब्रिड मॉडेलिस्टा' में सवारियों की सहूलियत और सेफ्टी के लिए कई प्रीमियम फीचर जोड़े गए हैं। सीटों की बात करें तो इसमें इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल ड्राइवर सीट मिलती है। दूसरी लाइन में ओटोमन फीचर के साथ कैप्टन सीट दी गई हैं।
सेफ्टी के लिए इसमें ड्यूल चैनल डैश कैम (DVR), 6 एयरबैग, टोयोटा सेफ्टी सेंस (TSS), ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग और 360 डिग्री पैनोरामिक कैमरा है। गाड़ी के बाहरी हिस्से में 18 इंच के अलॉय व्हील लगे हैं और फुट-जेस्चर से खुलने वाला पावर टेलगेट भी मिलता है।
मैकेनिकल हिस्से में कोई बदलाव नहीं किया गया है, यानी इंजन और पावर के मामले में गाड़ी पहले जैसी ही है। इसमें पहले की तरह 2.0 लीटर, 4 सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो सेल्फ-चार्जिंग स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम के साथ आता है। इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से यह इंजन कुल 186 बीएचपी की पावर बनाता है। गियरबॉक्स ई-सीवीटी है और इको, पावर व ईवी, ये तीन ड्राइविंग मोड मिलते हैं।
अब कीमत की बात। इंडोनेशिया में इस अपडेटेड हाइब्रिड मॉडल की शुरुआती कीमत करीब 25 लाख रुपये से शुरू होती है और टॉप मॉडल के लिए 32 लाख रुपये तक जाती है। भारतीय बाजार में कंपनी इस फेसलिफ्ट मॉडल को आने वाली 26 नवंबर को पेश कर सकती है, ऐसी ऑटो सेक्टर में जोरदार चर्चा है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।