फोन के फोटो धुंधले आ रहे हैं? सर्विस सेंटर जाने से पहले आजमाएं ये आसान तरीके
कैमरा खराब लगे तो जरूरी नहीं कि फोन में हार्डवेयर की दिक्कत हो। लेंस की सफाई और कुछ सेटिंग बदलने से ब्लर फोटो की समस्या दूर हो सकती है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
आज स्मार्टफोन सिर्फ कॉल और मैसेज के लिए नहीं रह गया है, लोग इससे खूब फोटो भी खींचते हैं। कई कंपनियां दमदार कैमरे वाले स्मार्टफोन लॉन्च करती हैं, जिससे यूजर्स का फोटोग्राफी का अनुभव और बेहतर हो जाता है।
लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि महंगा स्मार्टफोन खरीदने के बाद भी फोटो ब्लर आते हैं और सारा मजा किरकिरा हो जाता है। तब लगता है कि फोन का कैमरा खराब हो गया है या गलत स्मार्टफोन खरीद लिया।
हर बार फोटो ब्लर होने की वजह गलत स्मार्टफोन या हार्डवेयर की दिक्कत नहीं होती। कई बार फोन की सेटिंग में कुछ गड़बड़ होती है और उसी से फोटो धुंधले आते हैं। अगर आपके फोन का कैमरा भी ब्लर और खराब फोटो खींच रहा है, तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं। सेटिंग में कुछ बदलाव करके कैमरे को एकदम उत्तम बनाया जा सकता है, बस कुछ स्टेप्स फॉलो करने होंगे।
सबसे पहले फोन की कोई भी सेटिंग बदले बिना पीछे के कैमरे का कांच साफ करें। उंगलियों के निशान, तेल या धूल के कण अक्सर कैमरा लेंस पर जम जाते हैं। इससे लाइट ठीक से कैप्चर नहीं हो पाती और फोटो ब्लर आते हैं।
फोन पर खराब क्वालिटी का टेम्पर्ड ग्लास या कैमरा प्रोटेक्टर लगा हो, तब भी फोटो ब्लर हो सकते हैं और फोटोग्राफी का अनुभव बिगड़ता है। इसलिए स्मार्टफोन कैमरे का लेंस माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें। कैमरा प्रोटेक्टर पर स्क्रैच आ गया हो, तो उसे तुरंत हटा दें। इन छोटी टिप्स से ब्लर फोटो की समस्या पल भर में सुलझ सकती है और आप अच्छी क्वालिटी के फोटो खींच सकते हैं।
लेंस साफ होने के बाद भी फोटो ठीक से न आएं, तो फोन के कैमरा ऐप की सेटिंग जांचना जरूरी है। सबसे पहले कैमरे के रिजॉल्यूशन और फ्रेम रेट की सेटिंग में जाएं। वहां फोटो और वीडियो लो-क्वालिटी मोड पर सेट हों, तो उन्हें तुरंत बदल दें। लो-क्वालिटी मोड की जगह एचडीआर मोड को हमेशा ऑटो पर रखें। इससे फोन अपने आप लाइट एडजस्ट करेगा और फोटो बेहतर क्वालिटी के आएंगे।
कई बार गलती से मैक्रो मोड या मैन्युअल फोकस ऑन हो जाता है, जिससे फोटो खींचते वक्त कैमरा सही जगह पर फोकस नहीं कर पाता। इन छोटी सेटिंग को रीसेट करके डिफॉल्ट मोड चालू कर दें, तो फोन की फोटो क्वालिटी और दमदार हो सकती है। फर्क आप आसानी से पहचान लेंगे।
फोटो खींचते समय फोन स्थिर न रहे, तब भी फोटो ब्लर हो सकते हैं। इसलिए कैमरा सेटिंग में जाकर ग्रिड लाइंस ऑन करें, ताकि फोटो खींचते वक्त सही फ्रेम मिल सके। साथ ही स्क्रीन पर टैप करके फोकस लॉक कर लिया है या नहीं, यह भी पक्का कर लें।