घर में घूसकर वृद्धा को जख्मी करके डकैती
गिट्टीखदान की अहबाब कॉलोनी में वारदात, नागरिकों में दहशत, अपराधियों के तत्काल गिरफ्तारी की मांग
नागपुर.
हथियार से लैस डकैतों ने घर में घूसकर एक वृद्धा को जख्मी करके गहने लूट लिए. 8 अक्तूबर की रात गिट्टीखदान थाने के तहत अनंत नगर स्थित अहबाब कॉलोनी में हुई इस वारदात से नागरिकों में दहशत मची हुई है.
राजा जमशेद शरीफ अहबाब कॉलोनी में अपनी 82 वर्षीय मां रफीया शरीफ के साथ रहते है. उनके घर से कुछ दूरी पर बड़े भाई रहते है. 8 अक्तूबर की रात राजा बाहर गए थे. घर में वृद्ध मां रफीया शरीफ अकेली थी. रात करीब 11.30 बजे चार आरोपी घर में आए. बताया जाता है कि उनके एक-दो साथी बाहर निगरानी कर रहे थे. हथियार से लैस अपराधियों ने घर में आते ही रफीया शरीफ को बंधक बना लिया. इसका विरोध करने पर डंडे से पिटने लगे. रफीया शरीफ के सिर और आंख पर गहरी चोट आ गई. वह भयभीत हो गई. अपराधियों ने उनके हाथों से सोने के कंगन और गले से चेन निकाल ली. करीब 11 तोले वजनी गहने लेकर फरार हो गए. रात का वक्त होने से अधिकांश पड़ोसी सो गए थे. जख्मी अवस्था में भी रफीया शरीफ कुछ दूरी पर स्थित बड़े बेटे के अपार्टमेंट पर पहुंची. उन्होंने शोर मचाकर घटना की जानकारी दी. इसके बाद बड़े बेटे ने छोटे भाई और अन्य लोगों को सूचना दी. वारदात का पता चलते ही क्राइम ब्रांच तथा गिट्टीखदान पुलिस मौके पर पहुंच गई.
इस घटना से अनंत नगर परिसर के नागरिकों में दहशत मची हुई है. नागरिक खूद को असुरक्षित महसूस कर रहे है. राजा शरीफ का घर रिहायसी कॉलोनी है. इसके बावजूद अपराधी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए है. संदेह है कि उन्हें वृद्धा के घर में अकेले होने का पता था. इससे अपराधी जानकार होने की आशंका जताई जा रही है. अपराधियों द्वारा असहाय वृद्धा से मारपीट किए जाने से परिजन और नागरिकों में तीव्र रोष है. बताया जाता है कि अपराधियों की मारपीट से डंडा भी टूट गया था. नागरिकों ने उन्होंने आरोपियों का जल्द से जल्द पता लगाने की मांग की है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का सुराग पता लगा रही है. गिट्टीखदान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.