बेटी की मौत से संतप्त परिजनों का डॉक्टर पर हमला
हास्पिटल में भी तोड़फोड़, धंतोली में मामला दर्ज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर.
मासूम बेटी की मृत्यु से संतप्त परिजनों ने धंतोली स्थित प्राइवेट अस्पताल में तोड़फोड़ करके चिकित्सा और उनके साथियों से मारपीट की है. धंतोली पुलिस ने दंगे का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.
डॉ विनोद गांधी का धंतोली में हॉस्पिटल है. डॉ. गांधी आरोपी आनंद पाटील को 25 से 30 वर्षों से पहचानते हैं. पाटील के परिवार के बच्चों का डॉ. गांधी ही उपचार करते हैं. पाटील की साढ़े तीन साल की बेटी का जन्म के समय से ही डॉक्टर गांधी के पास इलाज चल रहा था. 8 अक्टूबर की दोपहर पाटील ने बेटी को इलाज के लिए डॉ. गांधी के अस्पताल में भर्ती किया. कुछ घंटे बाद पाटील के बेटी ने दम तोड़ दिया. बेटी की मृत्यु का पता चलते ही पाटील और उनके परिजन आगबबुला हो गए. उनका आरोप था कि उपचार में लापरवाही से बेटी की मौत हुई है. वे दो दिन पहले ही डॉ. गांधी के पास बेटी को उपचार के लिए लेकर आए थे. उस वक्त डॉ. गांधी ने बेटी को भर्ती नहीं किया. इस वजह से उनकी बेटी को जान गंवानी पड़ी है.
डॉ. गांधी ने पाटील को समझाने का प्रयास किया. लेकिन पाटील और उनके परिजन अस्पताल में हंगामा मचाने लगे. उन्होंने डॉ. गांधी से मारपीट की. डॉ. गांधी के दूसरे साथियों को भी मारपीट करके धमकाया. डॉ. गांधी के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी. इस घटना से अस्पताल में तनाव निर्माण हो गया. डॉ. गांधी ने धंतोली पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाटील और उनके परिजनों को शांत किया. धंतोली पुलिस ने डॉ. गांधी की शिकायत पर बीएनएस की धाराओं के अलावा महाराष्ट्र मेडिकल सेवा व्यक्ति और संस्था अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.