केटी नगर में पीछा कर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला
दोपहिया पर सवार होकर आए तीन हमलावरों ने वारदात को दिया अंजाम, घायल की हालत गंभीर
नागपुर, प्रतिनिधि। गिट्टीखदान पुलिस थाना क्षेत्र के केटी नगर स्थित बैडमिंटन हॉल के पास एक व्यक्ति पर पीछा कर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में सूरज नगर निवासी वसीम अख्तर शेख (43) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वसीम शेख अपने एक साथी के साथ मोपेड से जा रहे थे। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए तीन आरोपियों ने उनका पीछा किया। केटी नगर स्थित बैडमिंटन हॉल के पास आरोपियों ने वसीम को रोक लिया और उन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि घायल वसीम शेख सूरज नगर के पास अपनी दुकान चलाते हैं। फिलहाल हमले के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हमलावरों के जाफर नगर क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
गिट्टीखदान पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हमले के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का खुलासा होने की उम्मीद है।