पढ़ाई में AI: बच्चों को स्मार्ट बना रहा है या सुस्त? 80/20 का नियम आज़माएं
AI टूल्स बच्चों की पढ़ाई आसान कर रहे हैं, पर उन पर बढ़ती निर्भरता के खतरे भी हैं। जानिए फायदे, नुकसान और 80/20 का नियम।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
आज का दौर डिजिटल क्रांति का है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ज़िंदगी के हर पहलू को तेज़ी से बदल रहा है और इसका असर बच्चों की पढ़ाई और सीखने की आदतों पर भी साफ दिख रहा है। AI टूल्स बच्चों को उनकी पसंद और ज़रूरत के हिसाब से सिखा रहे हैं, मुश्किल सवालों के जवाब तुरंत दे रहे हैं और कठिन विषय आसान तरीके से समझा रहे हैं। लेकिन हर सिक्के के दो पहलू होते हैं। टेक्नोलॉजी जितने मौके लाई है, उतने ही खतरे और चुनौतियां भी बढ़ रही हैं।
पाथ एआय टेक्नॉलॉजी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. कनिष्क अग्रवाल के मुताबिक, पढ़ाई में AI का मकसद बच्चों को सिर्फ जल्दी जवाब देना नहीं है। मकसद यह है कि उनमें खुद सोचने की क्षमता, ज्ञान और संवेदनशीलता बढ़े। AI बच्चों को स्मार्ट बना रहा है या सुस्त, इस बारे में कई लोग उलझन में हैं। जब बच्चे हर सवाल का जवाब AI से ही ढूंढने लगेंगे, तो उनके सोचने और समस्या सुलझाने की क्षमता पर क्या असर पड़ेगा, यह बड़ा सवाल है।
आजकल हर कोई छोटे-बड़े कामों के लिए AI का इस्तेमाल कर रहा है। बच्चे AI ट्यूटर से पढ़ रहे हैं, होमवर्क में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ले रहे हैं और प्रोजेक्ट के लिए भी उसी का सहारा लेते हैं।
शुरुआती पढ़ाई में AI के कई फायदे हैं। अगर इसका सही इस्तेमाल हो, तो बच्चों और टीचरों, दोनों को फायदा हो सकता है। क्लासरूम में आम तौर पर सभी बच्चों को एक ही रफ्तार से पढ़ाया जाता है, जिससे कुछ बच्चे पीछे रह जाते हैं। AI प्लेटफॉर्म्स ने यह तरीका बदला है। AI बच्चे की क्षमता और सीखने की रफ्तार समझकर स्टडी मटेरियल तैयार करता है। टीचर भी AI टूल्स की मदद से हर बच्चे की कमज़ोरी पहचान सकते हैं और कमज़ोर विद्यार्थियों के लिए खास तरीके से पढ़ा सकते हैं। विज़ुअल और इंटरैक्टिव कंटेंट से बच्चे विज्ञान, कोडिंग और नई भाषाएं खेल-खेल में सीख रहे हैं।
दूसरी तरफ, अगर बच्चे हर काम के लिए AI टूल्स पर निर्भर होने लगे, तो उनके मानसिक विकास पर बुरा असर पड़ सकता है। होमवर्क या प्रोजेक्ट मिलते ही बच्चे खुद सोचने के बजाय AI से जवाब बनवा लेते हैं। इससे उनकी प्रॉब्लम-सॉल्विंग स्किल पर असर पड़ रहा है। AI हमेशा 100% सही नहीं होता। छोटे बच्चे सही और गलत जानकारी का फर्क नहीं पहचान पाते और गलत तथ्यों को ही सच मानने लगते हैं। टीचरों और दोस्तों से बातचीत कम होने से बच्चों का सामाजिक और भावनात्मक विकास भी धीमा पड़ सकता है।
पढ़ाई के नाम पर लगातार स्क्रीन से चिपके रहने के गंभीर नतीजे सामने आ रहे हैं। ज़्यादा देर स्क्रीन देखने से नज़र कमज़ोर होना, सिरदर्द और नींद न आने जैसी दिक्कतें बढ़ रही हैं। डिजिटल दुनिया में उलझे रहने से बच्चे मैदान के खेल, किताबें पढ़ने और दोस्तों के साथ असल में वक्त बिताने से दूर होते जा रहे हैं।
डिजिटल सुरक्षा और प्राइवेसी में माता-पिता की बड़ी ज़िम्मेदारी है। कई ऐप्स बच्चों की लोकेशन, नाम और सर्च हिस्ट्री सेव करते हैं। बच्चे कौन-से ऐप्स इस्तेमाल कर रहे हैं, यह माता-पिता को जांचना चाहिए। बच्चों को सिखाएं कि वे किसी भी अनजान प्लेटफॉर्म पर अपना नाम, फोटो, फोन नंबर या पासवर्ड शेयर न करें। साथ ही स्कूलों को AI के इस्तेमाल के लिए सख्त गाइडलाइन बनानी चाहिए और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता सत्र करने चाहिए।
टेक्नोलॉजी कभी इंसानी टीचर और अपनी सोच की जगह नहीं ले सकती। इसलिए बच्चों के लिए 80/20 का नियम लागू करें। इसका मतलब है कि किसी भी असाइनमेंट या सवाल का जवाब खोजने के लिए बच्चा पहले 80% दिमाग खुद लगाए और समस्या सुलझाने की कोशिश करे। बाकी 20% हिस्से के लिए ही, यानी जवाब को और बेहतर बनाने, रिसर्च करने या नए आइडिया पाने के लिए ही, AI की मदद ली जाए।