AI चैटबॉट से बार-बार बदसलूकी पर Anthropic की नई पॉलिसी, बंद होगा अकाउंट?
Anthropic ने अपनी पॉलिसी में AI के साथ बिना वजह बार-बार अपमानजनक या क्रूर बर्ताव पर रोक लगाई है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
चैटजीपीटी या Claude जैसे AI चैटबॉट से हम रोज़ तरह-तरह के सवाल पूछते रहते हैं। हर जवाब हमें पसंद आए, ऐसा ज़रूरी नहीं। अगर किसी जवाब से आप खुश नहीं हुए, तो क्या आप चैटबॉट को गाली देते हैं या बुरा-भला कहते हैं? अब इसी को लेकर Claude बनाने वाली कंपनी Anthropic ने नया नियम जारी किया है।
कंपनी का कहना है कि जो लोग बिना किसी वजह के बार-बार AI के साथ क्रूर या अपमानजनक बर्ताव करते हैं, उन पर कार्रवाई हो सकती है। इसके बाद यूज़र्स के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या इससे उनका अकाउंट बंद हो जाएगा। यूज़र्स के इस सवाल पर साफ किया गया है कि AI के जवाब से नाराज़गी जताने या उसकी आलोचना करने भर से अकाउंट बंद नहीं किया जाएगा।
अक्सर देखा जाता है कि AI अपनी पसंद के हिसाब से जवाब न दे, तो कई लोग उससे बात करते हुए गलत भाषा बोलने लगते हैं। जानकारों की राय है कि ऐसा करने से यूज़र्स का ही नुकसान हो सकता है। ज़रा सोचिए, आपने AI से कोई सवाल पूछा और उसने गलत जवाब दिया। आपने वही सवाल दोबारा पूछा और उसने फिर गलत जवाब दिया। इसके बाद आप गुस्से में गाली दे दें या अपमानजनक शब्द बोल दें, तो क्या अकाउंट बंद हो सकता है? यही सवाल अब उठाया जा रहा है।
Claude AI बनाने वाली कंपनी Anthropic ने अपनी पॉलिसी में AI मॉडल के साथ बार-बार अपमानजनक या गलत बर्ताव पर रोक लगा दी है। कंपनी ने 8 अक्टूबर 2026 से अपनी नई पॉलिसी का ऐलान किया है। यह नियम 12 नवंबर से हर जगह लागू होगा। पॉलिसी में सस्टेन्ड एंड नीडलेस एब्यूसिव ऑर क्रूएल बिहेवियर, यानी बिना वजह अपमानजनक या क्रूर बर्ताव पर बंदी है।
कंपनी ने बताया है कि यह नियम सिर्फ गंभीर मामलों के लिए है, जिनमें यूज़र्स बार-बार AI के साथ अपमानजनक तरीके से पेश आते हैं और इसके पीछे कोई साफ मकसद नहीं होता।
इसका मतलब यह है कि अगर Claude किसी सवाल का गलत जवाब दे रहा है और आप उसे बताते हैं कि उसका जवाब गलत है, तो इसे नियम का उल्लंघन नहीं माना जाएगा। आप Claude के जवाब से असहमत हो सकते हैं, उसके जवाब पर सवाल उठा सकते हैं और उसे बेहतर जवाब देने के लिए कह सकते हैं। इसके अलावा मॉडल को टेस्ट करना, या किसी कहानी के लिए उससे गंभीर और गहरे विषयों पर लिखवाना, ये बातें भी इस नियम के दायरे से बाहर रखी गई हैं।