पनामा में 7.6 तीव्रता का भूकंप, कई देशों में सुनामी का अलर्ट, इमारतों के हिस्से गिरे
मध्य अमेरिका के पनामा में शुक्रवार सुबह रिक्टर स्केल पर 7.6 तीव्रता के झटके लगे। कई देशों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी हुई है और राष्ट्रपति मुलिनो ने लोगों से संयम रखने की अपील की है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मध्य अमेरिका के देश पनामा में शुक्रवार सुबह एक के बाद एक भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 7.6 मापी गई। युनाइटेड स्टेट्स जिओलॉजिकल सर्व्हे (USGS) की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र पनामा के दक्षिणी छोर के पास, पिटालोसा अरिबा से सिर्फ 10 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था और जमीन के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई पर था। गहराई कम होने की वजह से झटके बहुत तेज महसूस हुए और पूरा पनामा सिटी हिल गया।
राजधानी पनामा सिटी में इमारतें बुरी तरह डोलने लगीं। घबराए लोग जान बचाने के लिए फौरन सड़कों और खुली जगहों की तरफ भागे। सोशल मीडिया पर इस भूकंप के कई डरावने वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें जमीन हिलती दिख रही है और पुरानी इमारतों के हिस्से टूटकर नीचे गिरते साफ नजर आ रहे हैं। पनामा के बीच के शहर पानोनोम में एक ऐतिहासिक इमारत का टावर और कुछ रिहायशी इमारतों की बालकनियां गिर गईं।
इतने ताकतवर भूकंप को देखते हुए अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने सख्त कदम उठाए हैं। पनामा के समुद्र तट के साथ-साथ दक्षिण और मध्य अमेरिका के कई देशों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। इनमें खास तौर पर कोलंबिया, इक्वेडोर, निकाराग्वा और ग्वाटेमाला शामिल हैं। तटीय इलाकों के लोगों को फौरन सुरक्षित जगहों पर जाने के आदेश दिए गए हैं।
हालात काबू में रखने के लिए पनामा के राष्ट्रपति होजे राऊल मुलिनो ने लोगों से घबराए बिना संयम रखने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर साफ संदेश दिया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का इस्तेमाल समाज में अफवाह या बेवजह की घबराहट फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए। एहतियात के तौर पर शिक्षा मंत्रालय ने स्कूल और शैक्षणिक संस्थान तुरंत बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इमरजेंसी टीमें और सिनाप्रोक की टीम राहत के काम में लगा दी गई हैं और प्रभावित इलाकों का मौके पर जाकर जायजा लिया जा रहा है। मुलिनो ने खुद पेनोनोमे का दौरा किया और मंत्री मोंटाल्वो के साथ प्रभावित इलाकों में जाकर मदद और समाधान का तालमेल बिठाने की बात कही।
इस संकट की घड़ी में लैटिन अमेरिका के मित्र देश पनामा की मदद के लिए आगे आए हैं। कोलंबिया, वेनेजुएला, मेक्सिको, कोस्टा रिका, ग्वाटेमाला, इक्वेडोर, चिली, डोमिनिकन रिपब्लिक, पेरू, एल साल्वाडोर और होंडुरास जैसे देशों ने पनामा सरकार से संपर्क कर मदद की तैयारी जताई है। राष्ट्रपति मुलिनो ने इन देशों के नेताओं के साथ-साथ अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट और सैकड़ों मेयरों, संगठनों व नागरिकों का समर्थन और एकजुटता के संदेशों के लिए आभार जताया है।
सरकार की तरफ से प्रभावित लोगों को अस्थायी ठिकाना, खाना और मेडिकल मदद पहुंचाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। पनामा प्रशासन ने बड़ी जनहानि टलने पर राहत की सांस ली है, लेकिन सुनामी की चेतावनी की वजह से समुद्र तट पर अब भी चौकसी बरती जा रही है।