फॉर्च्यूनर की टक्कर से दंपति की मौत
सेवानिवृत्त एएसआई है पति, जन्म दिन के दिन ही मातम, सावनेर के केलवद में हादसा
नागपुर जिले के सावनेर स्थित केलवद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेवानिवृत्त एएसआई और उनके पत्नी की मौत हो गई. सेवानिवृत्त एएसआई का आज जन्म दिन होने से परिजन गहरे सदमे में है. उन्हें टक्कर मारनेवाली फॉर्च्यूनर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. मृतक डोमाजी चामदेव धुंदे (65) और उनकी पत्नी प्रमिला धुंदे (60) है.
फॉर्च्यूनर कार क्रमांक एम.एच./31/एफ.आर./9561 नागपुर से पांढुर्णा की दिशा में जा रही थी. डोमाजी धुंदे का 10 अक्तूबर को जन्म दिन था. वह पत्नी के साथ एक्टिवा क्रमांक एम.एच./40/डी.एफ./3287 पर सवार हाकर सालई से नागपुर लौट रहे थे. केलवद थाने के तहत सालई फाटा के पास फॉर्च्यूनर ने एक्टिवा को टक्कर मार दी. फॉर्च्यूनर की चपेट में आने से धुंदे दंपति गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना की सूचना मिलते ही हितज्योती आधार फाउंडेशन की टीम, हाईवे के एपीआई श्रीकांत कोळी और केलवद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. धुंदे दंपति को सावनेर के जिला अस्पताल में पहुंचाया गया. उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. घटना का पता चलते ही धुंदे परिवार की खुशिया मातम में बदल गई. परिजन डोमाजी धुंदे का जन्मदिन मनाने की तैयारी में लगे हुए थे. तभी उन्हें दर्दनाक घटना का पता चला. केलवद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.