नागपुर में अंधविश्वास की भेंट चढ़ी बहू, ससुर ने कुल्हाड़ी से किया वार, फिर कुएं में लगाई छलांग
नागपुर के यशोधरानगर इलाके में बेटे की मौत का जिम्मेदार जादू-टोने को मानते हुए ससुर ने बहू पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, इसके बाद खुद कुएं में कूद गया।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर जिले में एक बुजुर्ग ने अपनी ही बहू को कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। वजह निकली अंधविश्वास - उसे यकीन था कि बहू ने जादू-टोना करके उसके बेटे की जान ली है। हत्या के तुरंत बाद 72 वर्षीय ससुर ने घर के पास बने कुएं में छलांग लगाकर खुद को खत्म करने की कोशिश भी की।
घटना शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है, जगह है यशोधरानगर थाना क्षेत्र के पीली नदी स्थित पाहुणे लेआउट। मरने वाली महिला का नाम लक्ष्मी पाली बताया गया है और आरोपी उसके ससुर नत्थूलाल पाली हैं।
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी के पति और नत्थूलाल के बेटे रविशंकर की 2019 में मौत हो गई थी। तभी से लक्ष्मी अपने ससुर से अलग रहती थी, साथ में उसकी 21 साल की बेटी और 19 साल का बेटा भी रहते थे। लेकिन नत्थूलाल के मन में शक घर कर गया था कि लक्ष्मी जादू-टोना करती है और यही उसके बेटे की मौत की वजह बना। इसी शक को लेकर वह अक्सर लक्ष्मी से झगड़ता रहता था।
यह विवाद कोई नई बात नहीं थी। घटना से एक रात पहले, यानी शुक्रवार को भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर तीखी बहस हुई थी। पुलिस बताती है कि नत्थूलाल कई बार मारपीट पर उतर आता था और लक्ष्मी को जान से मारने की धमकी तक दे देता था। ऐसे मौकों पर घर के बच्चे या आसपास के लोग बीच-बचाव कर मामला ठंडा कर देते थे, और शुक्रवार रात भी पड़ोसियों ने ही समझा-बुझाकर विवाद शांत कराया था।
लेकिन शनिवार को बात नहीं बनी। दोपहर करीब 12 बजे लक्ष्मी घर के पिछले हिस्से में बर्तन-कपड़े धो रही थी, तभी नत्थूलाल फिर से गाली-गलौज पर उतर आया। इस बार बात सिर्फ झगड़े तक सीमित नहीं रही - उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और लक्ष्मी के सिर पर वार कर दिया। चोट इतनी गहरी थी कि लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद नत्थूलाल ने पास के कुएं में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने यह देखकर तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही यशोधरानगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दमकल विभाग को भी बुलाया गया। अग्निशमन दल की मदद से नत्थूलाल को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसके फेफड़ों में पानी भर चुका था। उसकी हालत गंभीर बताई गई और उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा था।
पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा करने के बाद लक्ष्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।