नागपुर क्राइम ब्रांच की 18 कार्रवाइयां, 21 आरोपी काबू, साढ़े 30 लाख का माल जब्त
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच ने 8 और 9 सितंबर को शहर भर में जुआ, अवैध शराब, हथियार, वाहन चोरी और नायलॉन मांजे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।
नागपुर शहर में अपराध और अवैध धंधों पर नकेल कसने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने 8 से 9 सितंबर के बीच शहर भर में एक साथ 18 जगह कार्रवाई की। इस पूरे अभियान में 21 आरोपियों और वांछित आरोपियों के नाम सामने आए हैं। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल मिलाकर 30.85 लाख रुपए से ज्यादा का मुद्देमाल जब्त किया। यह पूरी कार्रवाई क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल की देखरेख में अलग-अलग पथकों ने अंजाम दी।
इस दौरान पुलिस ने जुआ, अवैध शराब, प्रतिबंधित हथियार, वाहन चोरी, चोरी की गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स, सेंधमारी और प्रतिबंधित नायलॉन मांजे, सभी पर एक साथ शिकंजा कसा। इसमें दो कार्रवाइयां खासतौर पर बड़ी रहीं, नायलॉन मांजे के खिलाफ 7.45 लाख रुपए की कार्रवाई और वाहनों के स्पेयर पार्ट्स के मामले में करीब 30 लाख रुपए का माल जब्त होना।
सामाजिक सुरक्षा पथक और एएचटीयू पथक को यशोधरा नगर इलाके में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने प्रतिबंधित मोनो काइट नायलॉन मांजे के खिलाफ छापा मारा। इसमें 180 नग नायलॉन मांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 5.40 लाख रुपए आंकी गई है। साथ ही पुलिस ने 1.20 लाख रुपए की एक ई-रिक्शा, 75 हजार रुपए की सुजुकी मोपेड और करीब 10 हजार रुपए का मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस तरह इस एक कार्रवाई में ही कुल 7.45 लाख रुपए का माल बरामद हुआ। इसमें एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हुई, जबकि फैजान अंसारी को वांछित आरोपी बताया गया है।
वाहन चोरी विरोधी पथक ने ऑल आउट ऑपरेशन के तहत कपिलनगर इलाके में भी बड़ा हाथ मारा। यहां से पुलिस को अलग-अलग गाड़ियों के करीब 30 से 40 इंजन और दूसरे स्पेयर पार्ट्स मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए है। इसके साथ ही एमएच-40-बीजी-4937 नंबर का एक ट्रक भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 124 के तहत कार्रवाई की गई।
वाहन चोरी विरोधी पथक ने बेलतरोड़ी थाना इलाके में चोरी हुई एक ट्रैवल बस का भी पर्दाफाश किया। जांच में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर टाटा कंपनी की मिनीबस बरामद कर ली गई। इस केस में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई हुई। वहीं यूनिट क्रमांक 6 ने गिट्टीखदान थाना इलाके में सेंधमारी के मामलों में वांछित एक आरोपी को दबोचा, जिसके पास से करीब 16 हजार रुपए के चांदी के गहने मिले। इस पर भी भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।
राणाप्रताप नगर, सक्करदरा, सदर, हुडकेश्वर और नंदनवन थाना इलाकों में जुआ के खिलाफ पांच अलग-अलग कार्रवाइयां हुईं, जिनमें कुल छह आरोपी पकड़े गए और नकदी के साथ जुआ का सामान जब्त हुआ। इसी तरह सक्करदरा, गिट्टीखदान, खापरखेड़ा और कपिलनगर सहित कई थाना इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ पांच कार्रवाइयां की गईं, जिनमें हजारों रुपए की अवैध शराब बरामद हुई। वाडी और इमामवाड़ा थाना इलाके में क्राइम ब्रांच की टीम ने दो आरोपियों को अवैध हथियार के साथ पकड़ा, दोनों के पास से लोहे के बड़े चाकू मिले।
इसके अलावा लकड़गंज थाना इलाके में महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 122(अ) के तहत दो अलग कार्रवाइयां हुईं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए लोगों पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध और अवैध धंधों पर लगाम कसने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।