दिशा सालियान मामले में चर्चा में आए आदित्य ठाकरे, जानें पढ़ाई और कुल संपत्ति
दिशा सालियान डेथ केस में नाम आने के बाद फिर सुर्खियों में आदित्य ठाकरे - स्कूली पढ़ाई से लेकर लॉ डिग्री और करोड़ों की संपत्ति तक, पूरी जानकारी।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे एक बार फिर चर्चा में हैं। दिशा सालियान मौत मामले में उनका नाम सामने आने के बाद वे लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। सीबीआई की एफआईआर में जिन नामों का जिक्र है, उसमें आदित्य ठाकरे का नाम भी शामिल है। आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और फिलहाल शिवसेना (उद्धव बाळासाहेब ठाकरे) पार्टी की युवा सेना के प्रमुख हैं।
अगर उनकी पढ़ाई की बात करें, तो आदित्य ठाकरे ने अपनी स्कूली पढ़ाई मुंबई के मशहूर बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने मुंबई के ही सेंट झेवियर्स कॉलेज से इतिहास विषय में ग्रेजुएशन किया। ग्रेजुएशन के बाद आदित्य ठाकरे ने के. सी. लॉ कॉलेज से एलएलबी की डिग्री भी हासिल की।
पढ़ाई-लिखाई के अलावा आदित्य ठाकरे को अपने पिता उद्धव ठाकरे की तरह फोटोग्राफी का शौक है। इसके साथ ही वे कविताएं भी लिखते हैं और कुछ फिल्मों के गाने भी लिख चुके हैं। साल 2007 में उनकी कविताओं का संग्रह "My Thoughts in White and Black" नाम की किताब के रूप में छपा था। साल 2017 में आदित्य ठाकरे मुंबई फुटबॉल असोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए थे, और 2018 में उन्हें शिवसेना पार्टी का नेता बनाया गया था।
आदित्य ठाकरे ने साल 2010 में राजनीति में कदम रखा था, तब वे सिर्फ 20 साल के थे। रोहिंटन मिस्त्री की किताब "सच अ लॉन्ग जर्नी" (Such a Long Journey) का विरोध करने के बाद आदित्य ठाकरे पहली बार बड़े पैमाने पर चर्चा में आए थे। बाद में यह विरोध इतना बढ़ गया कि आखिरकार मुंबई यूनिवर्सिटी को यह किताब अपने कोर्स से हटानी पड़ी थी।
संपत्ति की बात करें तो महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले दिए गए हलफनामे में आदित्य ठाकरे ने बताया था कि उनके पास 17 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। इसके अलावा उनके पास एक बीएमडब्ल्यू कार और करीब 1 करोड़ रुपये के गहने भी हैं।