मंगलवार, 3 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

भाजपा प्रवक्ता प्रेमकुमार शुक्ला बोले, SIR लोकतंत्र के लिए जरूरी, कांग्रेस पर लगाए आरोप

भाजपा प्रवक्ता प्रेमकुमार शुक्ला बोले, SIR लोकतंत्र के लिए जरूरी, कांग्रेस पर लगाए आरोप तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सियासत PT24 टीम

शुक्ला ने कहा कि SIR लोकतंत्र के लिए जरूरी है और कांग्रेस पर हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने का आरोप लगाया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेमकुमार शुक्ला ने SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के दलों को घेरा। शुक्ला ने कहा कि SIR और वोट चोरी से जुड़े आरोपों और सवालों का जवाब देना चुनाव आयोग का काम है, लेकिन किसी झूठ को झूठ साबित करने की जिम्मेदारी तो निभानी ही पड़ेगी।

शुक्ला के मुताबिक, जब एक झूठ को कई लोग बार-बार दोहराते हैं तो लोग उसे ही सच मानने लगते हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से भाजपा ने झूठ को झूठ साबित करने की जिम्मेदारी ली है। उनका कहना था कि कांग्रेस अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है।

शुक्ला ने कहा कि विरोधी दल SIR की प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। उनके अनुसार मतदाता सूची के शुद्धिकरण यानी SIR की प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद देश में यह प्रक्रिया 12 बार लागू हुई, जिनमें से 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में हुई। इसके बावजूद अब विपक्षी दल इस पर राजनीतिक आरोप लगा रहे हैं।

विपक्ष की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि मतदाता सूची से 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए। इस पर शुक्ला ने अलग-अलग श्रेणियों के आंकड़े रखे। उन्होंने दावा किया कि नियम के मुताबिक 6.3 करोड़ प्रवासी मतदाताओं, सर्वे के दौरान गैरहाजिर रहे 3 करोड़ मतदाताओं, 2.8 करोड़ मृत मतदाताओं और दोहरे नाम वाले 1 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में 17.63 लाख दोहरे और 34.81 लाख मृत मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शुक्ला ने कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस 56 विधानसभा चुनाव हार चुकी है। उनके मुताबिक 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार में कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है। इसके बावजूद वह हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है।

शुक्ला ने दावा किया कि मोदी सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले डिलिमिटेशन बिल पास कराएगी और अगला चुनाव महिला आरक्षण के साथ होगा। उत्तर प्रदेश के बारे में उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फिर से जीतकर आएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार 300 पार का नारा दिया गया है और उसमें निश्चित तौर पर कामयाबी मिलेगी।

दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की रैली का जिक्र करते हुए शुक्ला ने कहा कि वहां 10 लाख लोगों के आने का दावा किया गया था, जबकि असल में 20 से 25 हजार लोग ही जुटे। उन्होंने इस रैली को 'राहुल लीला' कहा और बोले कि वह बुरी तरह फ्लॉप रही। शुक्ला के अनुसार राहुल लीला से व्यापारियों का बड़ा नुकसान हुआ, और आम जनता का नुकसान करेंगे तो चुनाव हारेंगे ही।

शुक्ला ने आरोप लगाया कि विदेशी फंडिंग और एनजीओ के जरिए देश में अशांति फैलाने की कोशिश हो रही है। उनका कहना था कि SIR का विरोध करके विपक्ष जनता को गुमराह कर रहा है।

#नागपुर#सियासत#PT24#Politics#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे