महिला ने दिया लॉरेंस बिस्नोई गैंग का 'लेटर बम'
तीन दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, तहसील थाने में हफ्ता वसूली का मामला दर्ज, सीसीटीवी से सुराग खोज रही पुलिस, डेढ़ माह पहले भी मिली थी धमकी
नागपुर.
उपराजधानी के इतवारी सराफा बाजार में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फिरौती मांगने की घटना ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। आठ सराफा व्यापारियों को परिवार समेत जान से मारने की धमकी देकर प्रत्येक से 10 लाख रुपये मांगी गई है. लेकिन हैरानी की बात यह है कि घटना के तीन तीन बाद भी पुलिस धमकी भरा पत्र पहुंचाने वाली महिला तक नहीं पहुंच सकी है. 'प्राइम टाइम 24' द्वारा सबसे पहले मामले का खुलासा किए जाने के बाद पुलिस हरकत में आई तहसील पुलिस ने हफ्ता वसूली का मामला दर्ज किया है. अब सवाल उठ रहा है कि व्यापारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली पुलिस आखिर इतनी देर तक किसका इंतजार कर रही थी.
10 लाख दो, वरना परिवार समेत खत्म कर देंगे!
व्यापारी सूत्रों के अनुसार इस सनसनीखेज घटनाक्रम की शुरुआत 30 अक्टूबर की दोपहर हुई हालांकि पुलिस 31 अक्तूबर की दोपहर बता रही है. न्यू नंदनवन निवासी नेहाल तिनखेड़े की सराफा बाजार मार्ग पर दुर्गा ज्वेलरी की दुकान है. दोपहर करीब 3 बजे एक महिला उनकी दुकान पर पहुंची. उसने नेहाल से 10 रुपये का पोस्टल टिकट मांगा और एक लिफाफा थमाकर तेजी से वहां से निकल गई. नेहाल ने लिफाफा खोला तो उसके भीतर सात अलग-अलग लिफाफे और एक चिट्ठी मिली. इन लिफाफों पर इतवारी के सात अन्य ज्वेलर्स के नाम लिखे थे. चिट्ठी में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मुंबई वाला शूटर बताकर व्यापारियों को तीन दिन के भीतर 10-10 लाख रुपये तैयार रखने की धमकी दी गई थी. रकम नहीं देने पर व्यापारियों को परिवार सहित मौत के घाट उतारने की धमकी दी गई. पत्र में गाली-गलौज और अश्लील भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था. इस तरह आठ व्यापारियों को निशाना बनाकर कुल 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी.
पहले शिकायत, फिर खुलासा और उसके बाद पुलिस की दौड़भाग
धमकी भरा पत्र मिलते ही सराफा बाजार में हड़कंप मच गया था. नेहाल द्वारा बाजार के पदाधिकारियों और अन्य व्यापारियों को जानकारी देने पर मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंचाया गया. व्यापारियों के अनुसार, शुरुआत में उन्हें मामले को गोपनीय रखने की सलाह दी गई और जांच का भरोसा दिलाया गया. लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई, तो उनकी चिंता बढ़ने लगी. 1 नवंबर को 'प्राइम टाइम 24' ने इस मामले को प्रमुखता से उजागर किया. इसके बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हुई. क्राइम ब्रांच समेत शहर के विभिन्न थानों को संदिग्धों की तलाश के निर्देश दिए गए. रविवार रात तहसील पुलिस ने नेहाल तिनखेड़े की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ हफ्ता वसूली का मामला दर्ज किया है.
कैमरे में कैद हुई महिला, फिर भी पुलिस खाली हाथ
पुलिस ने दुकान और आसपास के परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. इसमें संदिग्ध महिला आती-जाती दिखाई दे रही है. अब पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है. मगर घटना के दो दिन बाद भी महिला का पता नहीं चलना जांच की रफ्तार पर सवाल खड़े कर रहा है. आखिर महिला कौन है? उसके पीछे कौन है? क्या यह वास्तव में बिश्नोई गैंग का नेटवर्क है या किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर व्यापारियों को डराने की साजिश रची है? इन सवालों के जवाब मिलना अभी बाकी है.
डेढ़ माह पहले भी मिली थी धमकी, फिर भी सबक नहीं!
इस मामले का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि 15 सितंबर को प्रतापनगर क्षेत्र के सराफा व्यापारी राजकुमार भुजाड़े को भी लॉरेंस बिस्नोई गैंग ने पत्र भेजकर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. उस व्यापारी को भी परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई थी. व्यापारी ने प्रतापनगर थाने में शिकायत की थी. इसके बाद भे पुलिस ने सबक नहीं लिया. अब इतवारी में आठ व्यापारियों को एक साथ धमकी मिलने से सवाल उठता है कि क्या फिरौती मांगने वाले बेखौफ हो गए हैं या पुलिस की शुरुआती सुस्ती ने उनके हौसले बढ़ा दिए हैं.
व्यापारियों में दहशत, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
सराफा व्यापारियों का कहना है कि धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता. व्यापारियों ने इस घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक भी पहुंचाई थी. इसके बावजूद मामले में शुरुआती स्तर पर देरी ने उनकी चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल तहसील पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(3), 351(4) और भारतीय दंड विधान की धारा 384, 386, 387 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती संदिग्ध महिला की पहचान करने, धमकी भरे पत्र के पीछे के लोगों तक पहुंचने और यह पता लगाने की है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम वास्तव में इस्तेमाल हुआ है या किसी ने उसकी आड़ लेकर व्यापारियों को डराने का प्रयास किया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।