सोम‌वार, 2 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नागपुर में बम धमाके की धमकी से हड़कंप

जुर्म PT24 टीम

डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और मेट्रो स्टेशन निशाने पर, बीडीडीएस ने खंगाला चप्पा-चप्पा, कुछ नहीं मिला

नागपुर.

देश के प्रमुख शहरों में बम धमाके किए जाने की धमकी के बाद सोमवार को नागपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और मेट्रो स्टेशन को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी. बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) और स्निफर डॉग की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया गया. हालांकि, जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली.

सुबह 9:11 और दोपहर 3:11 बजे धमाके की चेतावनी

बताया जाता है कि बब्बर खालसा और खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठनों के नाम से देश के कई प्रमुख शहरों में मेट्रो स्टेशनों और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में बम धमाके किए जाने की ई-मेल पर धमकी दी गई थी. इस अलर्ट में नागपुर भी शामिल था. धमकी के मुताबिक, मेट्रो स्टेशन पर सुबह 9 बजकर 11 मिनट और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर धमाके होने की आशंका जताई गई थी.

धमकी की जानकारी मिलते ही नागपुर पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई. वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों और सभी थानेदारों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए, इसके बाद दोनों संवेदनशील परिसरों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई और बारीकी से तलाशी ली गई.

चप्पा-चप्पा खंगाला, नहीं मिला कुछ भी संदिग्ध

बीडीडीएस और स्निफर डॉग की मदद से मेट्रो स्टेशन और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर की करीब दो घंटे तक जांच की गई. डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर से वकीलों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने हर संभावित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कहीं भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली. हालांकि, धमकी को हल्के में लेने के बजाय पुलिस ने सतर्कता बनाए रखी है.

दिवाली के बाजारों पर भी पुलिस की नजर

दिवाली का त्योहार नजदीक होने के कारण शहर के बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है. ऐसे में बम धमाके की धमकी ने पुलिस की चिंता और बढ़ा दी है. एहतियात के तौर पर सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन धमकी के मद्देनजर नागपुर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे