सीबीएसई ने 9वीं-11वीं के रजिस्ट्रेशन की डेट 21 अक्टूबर रखी, छोटी गलती से मार्कशीट अटकेगी
सीबीएसई ने स्कूलों से कहा है कि 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों की रजिस्ट्रेशन डिटेल्स 21 अक्टूबर तक बिना गलती के जमा करें।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने साल 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए एक अहम अधिसूचना जारी की है। बोर्ड ने अपने सभी संबद्ध स्कूलों को साफ निर्देश दिया है कि वे 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों की रजिस्ट्रेशन डिटेल्स बिना किसी गलती के 21 अक्टूबर तक हर हाल में जमा करें।
बोर्ड का कहना है कि रजिस्ट्रेशन के वक्त डेटा में हुई छोटी सी चूक भी आगे चलकर विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड, मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट में बड़ी गड़बड़ी की वजह बन जाती है। इसी परेशानी से बचने के लिए बोर्ड ने इस बार सख्त कदम उठाए हैं।
अक्सर फॉर्म भरते समय विद्यार्थी या माता-पिता के नाम की स्पेलिंग, जन्म तारीख या विषय कोड में गलतियां हो जाती हैं। परीक्षा के समय या रिजल्ट आने के बाद इन गलतियों को सुधार करवाने के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को बोर्ड के दफ्तर के चक्कर काटने पड़ते हैं। सीबीएसई ने साफ किया है कि एक बार लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) और रजिस्ट्रेशन डेटा सबमिट हो जाने के बाद किसी भी तरह के बदलाव की आसानी से इजाजत नहीं दी जाएगी।
बोर्ड ने सभी स्कूलों के प्रिंसिपल और परीक्षा प्रमुखों को कुछ मुद्दों पर खास ध्यान देने को कहा है। पहली जिम्मेदारी वेरिफिकेशन की है। स्कूल प्रशासन को विद्यार्थी का नाम, माता-पिता के नाम और जन्म तारीख की जांच स्कूल के आधिकारिक एडमिशन रजिस्टर और आधार के कागजात से करनी होगी।
दूसरा, विद्यार्थियों ने जो विषय चुने हैं और उनके विषय कोड, उन्हें सबमिट करने से पहले एक बार फिर जांच लेना चाहिए। तीसरा, अंतिम तारीख का पालन जरूरी है। 21 अक्टूबर की डेडलाइन के बाद सीबीएसई पोर्टल पर नया डेटा नहीं लिया जाएगा, या फिर इसके लिए भारी लेट फीस लगाई जा सकती है।
सीबीएसई ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी अपील की है। जब स्कूल प्रशासन उन्हें डिटेल्स चेक करने के लिए बुलाए, तो वे सारी जानकारी ध्यान से पढ़कर ही अपने दस्तखत करें। स्पेलिंग में कोई गलती या जन्म तारीख में फर्क दिखे तो फौरन स्कूल प्रशासन को बताएं, ताकि 21 अक्टूबर से पहले रिकॉर्ड में सुधार हो सके। अभिभावकों के दस्तखत और वेरिफिकेशन के बाद ही फाइनल डेटा सीबीएसई पोर्टल पर लॉक किया जाएगा।