रिमोट बंद पड़ा है? नया खरीदने से पहले मोबाइल कैमरे से 10 सेकंड में करें ये टेस्ट
टीवी का रिमोट अचानक काम करना बंद कर दे तो नया लेने की जल्दी मत कीजिए, आपकी जेब में रखा मोबाइल ही बता देगा असली खराबी कहां है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
टीवी देखते-देखते अचानक रिमोट का बटन दबाना बेकार जाने लगे, तो ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि रिमोट खराब हो गया। कोई हाथ पर पटकता है, कोई जोर-जोर से बटन दबाता है, लेकिन काम नहीं बनता। ऐसे में सीधे नया रिमोट खरीदने या रिपेयर कराने की बजाय मोबाइल फोन से एक आसान टेस्ट किया जा सकता है, जिससे पता चल जाएगा कि असली दिक्कत कहां है।
दरअसल टीवी, AC और सेट टॉप बॉक्स जैसे ज्यादातर रिमोट इन्फ्रारेड टेक्नोलॉजी पर चलते हैं। रिमोट के आगे एक छोटा सा बल्ब लगा होता है। बटन दबाते ही उस बल्ब से एक प्रकाश निकलता है, जो टीवी तक पहुंचता है और टीवी को सिग्नल मिल जाता है कि चैनल बदलना है या आवाज बढ़ानी है। यह प्रकाश इतना हल्का होता है कि आंखों से नहीं दिखता, लेकिन मोबाइल के कैमरे को साफ दिखाई देता है। इसी बात का फायदा उठाकर घर बैठे रिमोट की जांच की जा सकती है।
टेस्ट करने का तरीका बहुत सीधा है। सबसे पहले मोबाइल का कैमरा ऑन करें। फिर रिमोट के आगे वाला हिस्सा, जहां छोटा कांच जैसा बल्ब लगा होता है, कैमरे के सामने ले जाएं। अब रिमोट का कोई भी एक बटन दबाकर रखें और साथ ही मोबाइल की स्क्रीन पर नजर रखें।
अगर स्क्रीन पर उस बल्ब से चमकती हुई सफेद या बैंगनी रोशनी दिखाई दे, तो समझ लीजिए रिमोट बिल्कुल ठीक है और उसमें से सिग्नल निकल रहा है। इस हालत में असली प्रॉब्लेम रिमोट में नहीं, बल्कि टीवी के सेंसर में हो सकती है। वहीं अगर रोशनी बहुत हल्की या मंद दिख रही हो, तो इसका मतलब है कि रिमोट की बैटरी खत्म होने वाली है, ऐसे में नई बैटरी डालते ही रिमोट फिर चालू हो जाएगा। लेकिन बटन दबाने पर स्क्रीन पर बिल्कुल भी रोशनी नजर न आए, तो इसकी दो वजहें हो सकती हैं, या तो बैटरी पूरी तरह खत्म हो चुकी है या फिर रिमोट के अंदर का सर्किट खराब हो गया है।
एक और बात जरूर चेक करनी चाहिए। कई बार बैटरी बिल्कुल ठीक होने के बावजूद रिमोट काम नहीं करता। इसकी वजह यह होती है कि जहां बैटरी लगाई जाती है, वहां अंदर स्प्रिंग होते हैं और उन पर धूल जम जाती है या जंग लग जाती है। इस वजह से बैटरी लगी होने के बावजूद करंट पास नहीं हो पाता। इसलिए बैटरी बदलने से पहले एक बार वह हिस्सा खोलकर देख लें और सूखे कपड़े से हल्के हाथों से साफ कर लें। धूल हटाने के बाद बैटरी दोबारा लगाकर देखें, ज्यादातर मामलों में इतना करते ही रिमोट फिर से चालू हो जाता है। तो अगली बार रिमोट धोखा दे, तो सीधे दुकान भागने की बजाय पहले मोबाइल निकालिए, कैमरा ऑन कीजिए और यह 10 सेकंड वाला टेस्ट करके देख लीजिए।